वाराणसी सहित पूर्वांचल में हो रही आंच की बारिश, सप्ताह भर बाद नौतपा भी झुलसाएगा, जानें मौसम विभाग का हीट वेव अलर्ट
वाराणसी और पूर्वांचल में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, बादलों की सक्रियता शून्य है। मौसम विभाग ने अगले तीन ...और पढ़ें

वाराणसी और पूर्वांचल में भीषण गर्मी का प्रकोप, नौतपा से पहले मौसम विभाग का हीट वेव अलर्ट।
HighLights
मौसम विभाग ने तीन दिन का हीट वेव अलर्ट जारी किया।
नौतपा नजदीक, वाराणसी और पूर्वांचल में नहीं मिलेगी राहत।
अधिकतम तापमान 42.3°C, रात में भी गर्मी का असर।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी में बादलों की सक्रियता शून्य है, जबकि हीट वेव की सक्रियता की वजह से माना जा रहा है कि आने वाले सप्ताह में बादलों की सक्रियता संभव है मगर अभी कोई राहत नही है। मौसम विभाग की ओर से अगले तीन दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसकी वजह से वातावरण में गर्मी का असर तो रहेगा ही साथ ही गर्मी का असर लोगों को रात में भी नजर आएगा। गर्म हवाओं का झोंका शाम से लेकर रात तक असर कर सकता है। हालांकि सुबह ही हल्की राहत संभव है।
सोमवार की सुबह कुछ ठंडक का अहसास रहा लेकिन यह सुबह सात बजे धूप खिलने के साथ ही कम होता गया। दिन चढ़ा तो दस बजे के बाद सूरज का ताप भी गर्मी का अहसास कराता रहा। माना जा रहा है कि आने वाले सप्ताह तक मौसम का अमूमन यही हाल रहेगा। जबकि वातावरण में आर्द्रता में इजाफा होने पर बादलों की भी सक्रियता हो सकती है। मौसम विभाग ने हालांकि अभी राहत का अनुमान नहीं लगाया है। जबकि 48 घंटों से मानसून की रेखा एक ही जगह पर स्थिर बनी हुई है। वहीं नौतपा भी सप्ताह भर के बाद दस्तक देने जा रहा है। उस लिहाज से अब पखवारे भर तक कोई राहत की उम्मीद नहीं है।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 42.3°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। जबकि न्यूनतम तापमान 27.0°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम आर्द्रता 21% दर्ज की गई, जबकि अधिकतम 44% दर्ज की गई। मोसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में बादलों की कोई सक्रियता नहीं है। हीट वेव के साथ पछुआ का मेल होने पर बादल बन सकते हैं। फिलहाल अभी राहत के संकेत नहीं हैं। माना जा रहा है कि आने वाले माह भर में मानसून भी दस्तक दे सकता है।
