विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में बच्‍चों से भरे स्‍कूली वैन में शॉर्ट सर्क‍िट से लगी आग, बच्‍चों की जान सांसत में पड़ी

By Sujeet SinghEdited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 26 Nov 2026 11:02 AM (IST)

वाराणसी के रघुनाथपुर गांव में बच्चों को स्कूल ले जा रही एक वैन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। ग्रामीणों की तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन घटना ने वैन चालक के लाइसेंस और वाहन की फिटनेस पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

HighLights

  1. स्कूली वैन में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बच्चे थे सवार।

  2. ग्रामीणों ने तत्परता से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

  3. वैन चालक के लाइसेंस और फिटनेस पर उठे सवाल।

जागरण संवाददाता, (सेवापुरी) वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में गुरुवार को प्रातः आठ बजे प्राथमिक विद्यालय के समीप बच्चों को लेकर स्कूल जा रही सिल्वर ग्रो स्कूल की वैन में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे के दौरान वैन में कई बच्चे सवार थे। वैन के अंदर अचानक धुआं उठता देख अफरा-तफरी मच गई।

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्राम प्रशासक गुंजन सिंह समेत ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के प्रयास से बच्चों को सकुशल बाहर निकाला गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। कपसेठी थानांतर्गत उपरवार गांव में स्थित सिल्वर ग्रो स्कूल की वैन में जिज्ञासा सिंह रघुनाथपुर, प्रिंसी पटेल मड़ैया कृतिका गिरी रघुनाथपुर, आराध्या सिंह, ज्योति प्रजापति रघुपुर और आदर्श सिंह सहित अन्य बच्चे शामिल थे।

सुबह-सुबह हुई इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। घटना से मासूम बच्चे सहम गए। सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक भी भागकर मौके पर पहुंचे। घटना के दौरान सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि वैन को लाइसेंस धारी चालक के बजाय विशाल कुमार नामक व्यक्ति चलाते हुए मौके पर पाया गया।

इससे स्कूली बच्चों की सुरक्षा और वाहन संचालन की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस वैन में दुर्घटना हुई उस गाड़ी की फिटनेस सितम्बर 26 में ही खत्म हो गई है। मजे की बात यह रही कि स्कूल प्रबंधन की तरफ से दूसरी वैन आई और बच्चों को लेकर स्कूल गई लेकिन कोई और सदस्य नहीं आया जो जानकारी ले सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।