विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारनाथ में बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों की शोभायात्रा: श्रीलंकाई धुन के साथ धमेख स्तूप की परिक्रमा

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:15 PM (IST)Updated: Tue, 24 Nov 2026 10:17 PM (IST)

सारनाथ के मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर के 95वें वार्षिकोत्सव पर भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रीलंकाई वाद्य यंत्रों और कैंडियन नृत्य के साथ हजारों बौद्ध अनुयायियों ने धमेख स्तूप की परिक्रमा कर श्रद्धा अर्पित की।

सारनाथ में मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर का 95वा वार्षिकोत्सव के मौके पर भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थि अवशेष की निकली शोभायात्रा। जागरण

सारनाथ में मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर का 95वा वार्षिकोत्सव के मौके पर भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थि अवशेष की निकली शोभायात्रा। जागरण

HighLights

  1. भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों की भव्य शोभायात्रा निकली।

  2. श्रीलंकाई वाद्य यंत्रों और कैंडियन नृत्य ने मन मोहा।

  3. धमेख स्तूप की परिक्रमा कर श्रद्धालुओं ने श्रद्धा अर्पित की।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। सारनाथ स्थित मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर के 95वें वार्षिकोत्सव के तीसरे दिन मंगलवार को भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रीलंकाई वाद्य यंत्रों की धुन, कैंडियन नृत्य और रास्ते भर हुई पुष्पवर्षा के बीच निकली शोभायात्रा में देश-विदेश के हजारों बौद्ध अनुयायी शामिल हुए। महाबोधि सोसाइटी आफ इंडिया के तत्वावधान में महासचिव भिक्षु पी. शिबलीथेरो के नेतृत्व में शोभायात्रा निकाली गई। इससे पूर्व बौद्ध भिक्षुओं ने अस्थि अवशेष कलश का पूजन किया।

शोभायात्रा में सबसे आगे वाहन पर धर्मचक्र मुद्रा में भगवान बुद्ध की प्रतिमा थी। इसके पीछे रथ पर पवित्र अस्थि अवशेष कलश लेकर वियतनामी बौद्ध अनुयायी चल रहे थे। तीन अन्य रथों पर भी वियतनामी अनुयायी सवार थे। उनके पीछे हाथों में फूल और पंचशील ध्वज लिए सैकड़ों श्रद्धालु श्रीलंकाई वाद्य यंत्रों की धुन पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। मार्ग में वियतनामी अनुयायियों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धा प्रकट की। शोभायात्रा मुख्य चौराहे, तिब्बती बौद्ध मंदिर, आकाशवाणी तिराहा, चौखंडी स्तूप और संग्रहालय होते हुए पुरातात्विक खंडहर परिसर पहुंची।

Untitled Design - 2026-11-24T221626.565

कार्तिक पूर्णिमा पर सारनाथ मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर में रखी भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थि अवशेष को लेकर वियतनामी बौद्ध अनुयायी मंदिर से निकलते। जागरण

यहां भिक्षु पी. शिबली थेरो ने अस्थि अवशेष कलश हाथ में लेकर धमेख स्तूप की परिक्रमा की। इसके बाद शोभायात्रा मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर पहुंची, जहां बौद्ध भिक्षुओं ने बुद्ध प्रतिमा के समक्ष धर्मचक्र सूत्र का पाठ किया। इस दौरान विहाराधिपति भिक्षु आर. सुमितानंद थेरो, भिक्षु शीलवंश, भिक्षु मैत्री, प्रवीण श्रीवास्तव, डा. चंद्रशेखर सिंह सहित वियतनाम, थाईलैंड, श्रीलंका, म्यांमार और कंबोडिया के बौद्ध भिक्षु व अनुयायी उपस्थित रहे।

श्रीलंकाई कैंडियन नृत्य ने मोहा मन

शोभायात्रा में श्रीलंकाई पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों का कैंडियन नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। श्रीलंका के बसंत, मनोज, हर्ष, असीर, शंशाक और महिला कलाकार कस्तूरी आर. ची सहित आधा दर्जन कलाकारों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर प्रस्तुति दी। कस्तूरी ने बताया कि श्रीलंका में कैंडियन नृत्य खुशी और उत्सव के अवसरों पर किया जाता है।

तीसरे दिन भी हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर में मंगलवार को भी सुबह छह से 11 बजे तक भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। वार्षिकोत्सव के तीसरे दिन हजारों बौद्ध अनुयायियों ने दर्शन-पूजन कर श्रद्धा निवेदित की।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।