पटाखा फैक्ट्री में तीन धमाकों के दहला सारनाथ, लोग बोले- लगा जैसे धरती हिल गई... खिड़की के शीशे तक टूटे
वाराणसी के सारनाथ स्थित पैगंबरपुर में तेज धमाकों से पूरा इलाका दहल गया, जिससे मकान हिल गए और खिड़कियों के शीशे टूट गए।

वाराणसी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट।
HighLights
पैगंबरपुर में तेज धमाकों से पूरा इलाका दहल गया।
राजू खान का मकान ध्वस्त, चारों ओर धुआं फैला।
घरों के शीशे टूटे, दीवारों में दरारें आईं।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में शाम के वक्त करीब पौने पांच बजे अचानक हुए तेज धमाकों से पूरा इलाका दहल गया। लोगों का मकान हिल गया और दरवाजे व खिड़की के शीशे टूटने लगे।
लगा कि भूकंप आ गया और जब वह जान बचाने के लिए बाहर निकले तो पांच फीट की तंग गली में हर तरफ धुआं ही धुआं था। सांस लेना भी दूभर था। करीब 15 मिनट तक लोगों को कुछ समझ नहीं आया। जब धुआं कम हुआ तब पता चला कि राजू खान के मकान में ब्लास्ट हुआ है और मकान ध्वस्त हो गया है।
पैगंबरपुर में राजू खान के मकान में जहां विस्फोट हुआ वहां पांच फीट की तंग गली है और घनी आबादी है। छोटे-छोटे मकान बने हैं। गनीमत रही कि हादसे के दौरान मकान के पास गली में कोई मौजूद नहीं था नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। शाम का वक्त होने के नाते मोहल्ले के बच्चे या युवक भी मुख्य सड़क पर निकले थे।

लोगों की जुबानी-
धमाका इतना तेज था कि लगा जैसे धरती हिल गई हो। आसमान में काले धुएं का गुबार भर गया, कुछ देर तक कुछ भी दिखाई नहीं दिया। काफी देर बाद जब दिमाग शांत हुआ तो देखा कि खिड़की के शीशे टूट गए हैं। काफी नुकसान हुआ है।
-महेश गुप्ता

पहले एक तेज धमाका हुआ, उसके बाद लगातार दो-तीन धमाकों की आवाज आई। घर में बैठकर सिलाई कर रही थी कि मशीन हिलने लगी और खिड़कियों के शीशे टूटकर गिरने लगे। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
-जानकी देवीधमाके के बाद चारों तरफ धूल और धुआं ही धुआं था। सांस लेना मुश्किल हो रहा था। दिमाग काम करना बंद कर दिया। बाहर गली में खेल रही बेटी को हल्की चोट लगी। पूजा घर समेत घर का छज्जा गिर गया। दीवार में दरार आ गई है।
-सोनी केशरी
ड्यूटी पर था कि पत्नी का फोन आया कि धमाका हो गया है और घर को काफी नुकसान पहुंचा है। जब घर आया तो स्थिति देखकर समझ नहीं पाया कि क्या किया जाए। गनीमत रही कि कोई चोटिल नहीं हुआ।
-अजय केशरी
यह भी पढ़ें- वाराणसी में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से दो मंजिला मकान ढहा, मां-बेटा झुलसे; आसपास के 10 घरों को नुकसान
