दीक्षा की तैयारी में जुटे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय व प्रशासन, पांच को समारोह में आएंगीं राज्यपाल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पांच दिसंबर को शहर में होंगी। वह संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षा समारोह में रहेंगी।
वाराणसी, जेएनएन। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पांच दिसंबर को शहर में होंगी। वह संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षा समारोह में रहेंगी। राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। इसी तैयारियों का जायजा लेने जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा सोमवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने दीक्षा स्थल, प्रवेश व निकासी द्वार, सुरक्षा प्वाइंट आदि को देखा। इस दौरान डीएम ने प्राचीन भवन और उसके जीर्णोद्धार के कार्य को भी देखा। जिला प्रशासन को मिले नए प्रोग्राम के अनुसार वह चार दिसंबर को बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वह जौनपुर चली जाएंगी। वहां से शाम पांच बजे लौट कर वाराणसी आएंगी और रात्रि विश्राम करेंगी। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में सुबह 11 बजे भाग लेने के बाद प्रशासनिक विभागों और विकास व निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक करेंगी। साथ ही टीबी से ग्रसित बच्चे जो विभिन्न संस्थाओं और विभागों द्वारा गोद लिए गए हैं उनका हाल जानेंगी। राज्यपाल को पहले एक प्राथमिक विद्यालय में जाना था जिसके लिए अर्दलीबाजार, घौसाबाद और भोजूबीर का चयन किया गया था। वहां साफ सफाई के कार्य भी शुरू हो गए थे लेकिन वह अब वहां नहीं जाएंगी। उनके प्रोटोकाल में तो नहीं है लेकिन प्रशासन एक अस्पताल व थाने को अपडेट करने की तैयारी कर रहा है। राज्यपाल पांच दिसंबर को शाम को पांच बजे वापस लखनऊ चली जाएंगी।
तिब्बती विश्वविद्यालय में देखा पांडुलिपियों को
जिलाधिकारी अपने भ्रमण के क्रम में सोमवार को सारनाथ स्थित केंद्रीय तिब्बती विश्वविद्यालय पहुंचे। वहां पर तिब्बती भाषा पर हो रहे शोध कार्य, लाइब्रेरी और वहां रखी पाण्डुलिपियों को भी देखा। उन्होंने रखरखाव और व्यवस्था की सराहना की।