प्रदेश सरकार को घेरेगी सपा, 20 जनवरी तक विस क्षेत्रों में कार्यकर्ता निकालेंगे पदयात्रा
केंद्र व प्रदेश सरकार को समाजवादी पार्टी ने घेरने की रणनीति बना ली है, जिला व महानगर कार्यालय में शनिवार को हुई बैठक में पदाधिकारियों ने रणनीति पर मंथन किया।
वाराणसी, जेएनएन। केंद्र व प्रदेश सरकार को समाजवादी पार्टी ने घेरने की रणनीति बना ली है। अर्दली बाजार स्थित जिला व महानगर कार्यालय में शनिवार को हुई बैठक में पदाधिकारियों ने रणनीति पर मंथन किया। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद तूफानी सरोज थे। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव के निर्देशानुसार सपा पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। सात से 20 जनवरी के बीच विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से समाजवादी विकास, विजन व सामाजिक न्याय पदयात्रा निकाली जाएगी।
जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों को 10 जोनों में बांटा गया है। इसके तहत जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पदयात्रा के दौरान जनता के बीच सपा सरकार में हुए विकास कार्यों को रखा जाएगा। साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों से लोगों को अवगत कराया जाएगा। तूफानी सरोज ने कहा कि जब से केंद्र व प्रदेश में सपा सरकार आई है तब से विकास कार्य ठप पड़ा है। महिलाएं सुरक्षित नहीं रही हैं। युवाओं को नौकरी देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार उन पर लाठियां बरसा रही है। फर्जी मुकदमे में फंसाया जा रहा है। बैठक की अध्यक्षता डा. पीयूष यादव ने की। इसमें प्रदेश सचिव बीपी सिंह, प्रदीप जायसवाल, डा. आनंद प्रकाश तिवारी, ओमप्रकाश श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। संचालन महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने किया।