अखिलेश यादव बाेले - भले ही हम लोकसभा चुनाव हार गए हों, लेकिन हौसला नहीं हारे हैं
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव भले ही हम हार गए लेकिन हम हौसला नहीं हारे हैं। संघर्ष करेंगे व 2022 में सपा की सरकार बनेगी।
आजमगढ़, जेएनएन। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव भले ही हम हार गए, लेकिन हम हौसला नहीं हारे हैं। संघर्ष करेंगे व 2022 में सपा की सरकार बनेगी। सपा व बसपा गठबंधन के बारे में सवाल पूछने पर उन्होंने बस इतना कहा कि हमें कुछ भी नहीं पता। अखबारों से हमें जानकारी हुई है।
वह मंगलवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब थे। यह पूछे जाने पर कि क्या आगे गठबंधन जारी रहेगा। फिर यही बात दोहरायी कि हमें कुछ नहीं पता। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को लेकर एक बार फिर तंज कसा। कहा कि सरकार अगस्त 2020 तक इसका निर्माण पूरा कराने को कह रही है, लेकिन यह संभव होते नहीं दिख रहा है, क्योंकि इस दिशा में अभी कुछ भी खास जमीन पर नहीं है। उन्होंने आगे कहा, अगर सपा की सरकार होती तो बेहतर सड़क बनाकर दिखाते। इतना ही नहीं, आजमगढ़ में मिराज व सुखोई विमान उतारकर दिखाते। गाजीपुर में सपा कार्यकर्ता की हत्या के सवाल पर भाजपा को घेरा। कहा कि अगर भाजपा कार्यकर्ता की मौत हुई होती तो पूरी सरकार दौड़ जाती।
अमेठी में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या का उदाहरण देते हुए कहा कि पूरी सरकार यहां दौड़ पड़ी। अखबारों में मैंने पढ़ा तो पता चला कि भाजपा कार्यकर्ता की हत्या भाजपा कार्यकर्ता द्वारा की गई थी। वन डिस्ट्रिक्ट- वन प्लान पर भी तंज कसा। कहा कि आजमगढ़ से निजामाबाद की ब्लैक पाटरी के चुनाव पर व्यंग्य के साथ ही कहा कि इस दिशा में बड़े बड़े दावे किए गए, लेकिन काम कुछ नहीं हुआ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह 11 बजे गाजीपुर में शेष आयोजनों के लिए प्रस्थान कर गए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप