विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने मनाई महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि, उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प ल‍िया

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 28 Nov 2026 05:27 PM (IST)

वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि मनाई, जहाँ उनके जीवन और विचारों पर गोष्ठी आयोजित की गई। नेताओं ने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने मनाई महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प।

वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने मनाई महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प।

HighLights

  1. महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि वाराणसी में श्रद्धापूर्वक मनाई गई।

  2. सांसद वीरेंद्र सिंह ने शिक्षा को परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताया।

  3. सामाजिक समानता और न्याय के लिए संकल्प लिया गया।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह के आवासीय कार्यालय, टैगोर टाउन कॉलोनी, अर्दली बाजार वाराणसी में महान समाज सुधारक, शिक्षाविद् एवं सामाजिक क्रांति के अग्रदूत महात्मा ज्योतिराव गोविंदराव फुले की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके जीवन, संघर्ष एवं विचारों पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले का मानना था कि शिक्षा समाज में परिवर्तन और समानता लाने का सबसे सशक्त माध्यम है। वे चाहते थे कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर महिलाओं, दलितों एवं वंचितों को शिक्षा प्राप्त करने का समान अधिकार मिले। उन्होंने जातिगत भेदभाव, छुआछूत और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया तथा शोषित, वंचित एवं पिछड़े वर्गों को सम्मान, समानता और न्याय दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले महान समाज सुधारक, विचारक एवं लेखक थे। उन्होंने अपनी पत्नी माता सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर महिला शिक्षा की अलख जगाई और महिलाओं तथा वंचित समाज को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक समानता, शिक्षा, न्याय और मानवता के मूल्यों को स्थापित करने के संघर्ष का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में महात्मा ज्योतिबा फुले के विचार और अधिक प्रासंगिक हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही एक समतामूलक, शिक्षित और भेदभावमुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के अधिकार की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ. रामबालक पटेल, शशी प्रताप सिंह, संजय मिश्रा, संतोष यादव, आकाश मौर्या, शमीम अंसारी, सतीश यादव, शिवप्रकाश सिंह, राहुल बरनवाल, सुनील यादव ने विचार व्यक्त किए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।