काशी में समाजवादी पार्टी ने मनाया संविधान दिवस, संविधान की रक्षा का लिया संकल्प
वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने संविधान दिवस मनाया, जहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय संविधान के मूल्यों और सिद्धांतों की रक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने संविधान को भारत की आत्मा और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक बताया।

समाजवादी पार्टी वाराणसी ने संविधान दिवस पर संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
HighLights
समाजवादी पार्टी ने वाराणसी में मनाया संविधान दिवस।
कार्यकर्ताओं ने भारतीय संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
संविधान को भारत की आत्मा और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक बताया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय अर्दली बाजार वाराणसी में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन कर भारतीय संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा करने तथा उसमें निहित मूल्यों, आदर्शों एवं सिद्धांतों का पालन करने का संकल्प लिया।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि भारतीय संविधान महज एक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, लोकतांत्रिक मूल्यों और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। संविधान देश के 140 करोड़ नागरिकों के लिए आशा और विश्वास का आधार है। यह न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुता एवं समावेशिता के आदर्शों को मजबूत करते हुए देश के लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखता है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं लोकतांत्रिक दायित्व है।
गोष्ठी का संचालन करते हुए जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे विस्तृत लिखित संविधान है। इसकी विशेषता भारत की विविधता, सामाजिक संरचना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को एक सूत्र में पिरोना है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। इसी ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ एवं संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, डॉ. रामबालक पटेल, प्रदीप कुमार मौर्य, गोपाल पाण्डेय, हीरू यादव, नंदलाल कन्नौजिया, जितेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव, डॉ. आनंद प्रकाश तिवारी, सदानंद कन्नौजिया, रामकुमार यादव, धर्मवीर पटेल, सचिन प्रजापति, सुनीता यादव, राजेंद्र प्रसाद, सुमित मौर्य, राजू यादव, मनोज यादव, बंसल सेठ, मन्नू अंसारी, अयाज खान एवं विनोद शुक्ला ने विचार व्यक्त किए।