उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने पूर्वांचल के लिए संभावित उम्मीदवार जारी किए! 20 लोगों की सूची हो रही वायरल
समाजवादी पार्टी की पूर्वांचल के लिए संभावित उम्मीदवारों की एक सूची सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें 140 नाम शामिल हैं। हालांकि, पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यह सूची आधिकारिक नहीं है और शीर्ष स्तर पर निर्णय लिया जाएगा।

समाजवादी पार्टी की पूर्वांचल उम्मीदवारों की सूची वायरल, पार्टी ने दी सफाई।
HighLights
सपा की पूर्वांचल उम्मीदवारों की संभावित सूची हुई वायरल।
सूची में 140 नामों का उल्लेख, जिसमें नए चेहरे भी।
पार्टी ने वायरल सूची को बताया अनौपचारिक और फर्जी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। उम्मीदवारों के बीच टिकट की मारामारी ही नहीं बल्कि चर्चा का बाजार भी गर्म है। इसी बीच सोमवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पूर्वांचल के मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी और भदोही के उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं। सपा की ओर से संभावित उम्मीदवारों की यह सूची देखते ही देखते वायरल होने लगी।
सूची वायरल होने के बाद पूर्वांचल में सपाइयों के बीच तरह तरह की चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से प्रस्तावित सूची सामने आने के बाद सियासी हलकों में भी इस सूची को लेकर चर्चा का बाजार सोशल मीडिया में गर्म हो गया। हालांकि इस बाबत पार्टी की ओर से देर रात स्पष्टीकरण भी जारी किया गया है। बताया गया है कि इन 140 नामों में वर्तमान में 70 विधायक हैं और इतने ही नए नामों को शामिल किया गया है।
जारी सूची में शामिल नाम
वायरल हो रही उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में कुल 140 विधानसभा क्षेत्र में मुहम्मदाबाद-गोहना (अ.जा.) से राजेंद्र कुमार, मऊ से अब्बास अंसारी, बलिया में रसड़ा से महेंद्र, सिकंदरपुर से मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी, फेफना से संग्राम सिंह, बैरिया से जय प्रकाश अंचल, जौनपुर में शाहगंज से शैलेंद्र यादव "ललई", जौनपुर से मोहम्मद अरशद खान, मल्हनी से लकी यादव, मुंगरा बादशाहपुर से पंकज पटेल, मछलीशहर (अ.जा.) से रागिनी सोनकर, जफराबाद से जगदीश नारायण, गाजीपुर में जंगीपुर से वीरेंद्र कुमार यादव, मोहम्मदाबाद से सुहैब अंसारी, जमानिया से ओमप्रकाश सिंह, चंदौली में सकलडीहा से प्रभुनारायण यादव, सैयदराजा से मनोज कुमार, वाराणसी दक्षिणी से किशन दीक्षित, सेवापुरी से सुरेंद्र सिंंह पटेल और भदोही से जाहिद बेग का नाम बताया गया है।

सपा ने स्पष्टीकरण दिया
वायरल हो रही सूची में कुल 140 विधानसभाओं के लिए उम्मीवारों के संभावित नाम वाली सूची में पूर्वांचल के उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं। इस पत्र में किसी का भी आधिकारिक हस्ताक्षर नहीं है। उम्मीदवारों की सूची सोशल मीडिया पर ही वायरल हो रही है। इस बाबत वाराणसी मीडिया प्रभारी संतोष यादव ने जागरण को बताया कि यह सूची असली नहीं है। उम्मीदवारों के बाबत निर्णय शीर्ष स्तर पर ही लिया जाएगा।