जौनपुर में नहाते समय गोमती नदी में डूबने से एक की मौत, मछुआरों ने चार लोगों को डूबने से बचाया
केराकत कोतवाली इलाके के सरोज बड़ेवर गांव में शुक्रवार की सुबह स्नान करते समय एक व्यक्ति गोमती नदी में डूब गया।
जौनपुर, जेएनएन। केराकत कोतवाली इलाके के सरोज बड़ेवर गांव में शुक्रवार की सुबह स्नान करते समय एक व्यक्ति गोमती नदी में डूब गया। उसे बचाने में चार अन्य युवक भी डूबने लगे। नदी किनारे मौजूद मछुआरे तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए। इस दौरान मछुआरों ने सभी को बाहर निकाला लेकिन तब तक एक की मौत हो चुकी थी। अन्य सभी को सीएचसी केराकत से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी तीन का केराकत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है।
सरोज बड़ेवर गांव के कमलाकर शर्मा की गुरुवार को तेरही थी। इसमें शामिल होने के लिए आए नात-रिश्तेदार गोमती नदी में स्नान करने गए थे। गहरे पानी में चले जाने से शिव शंकर शर्मा (50) निवासी चेऊता थाना कप्तानगंज जिला आजमगढ़ डूबने लगे। बचाने के प्रयास में गांव के ही आेेमकार भट्ट (38), विवेक शर्मा (40) निवासी औंका थाना बक्शा, अंकुर शर्मा (24), वीरेंद्र शर्मा (24) निवासी गांव उमरी थाना बदलापुर भी तेज धारा में फंस कर डूबने लगे।
वहीं मौके पर चीख-पुकार सुनकर नदी किनारे मौजूद मछुआरों रामजन्म निषाद, सागर, अमित, पोल्हावन, गोपाल, गोवर्धन, दुर्गा आदि मछुआरों ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी। तुरंत ही नदी में महाजाल भी डाल दिया गया और सामूहिक प्रयास से मछुआरों ने सभी को बाहर निकाला। पेट दबाकर पानी निकालने के बाद सभी को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत पहुंचाया। डाक्टरों ने शिव शंकर शर्मा को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद अन्य चार को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।