प्रचारकों संग मंथन : राममंदिर, राष्ट्र और पर्यावरण संरक्षण पर मोहन भागवत देंगे संदेश
11 से 16 नवंबर तक भागवत उत्तर भारत के छह प्रांतों के 250 प्रचार प्रमुखों के साथ राष्ट्र निर्माण में संघ की भूमिका, मंदिर निर्माण संग पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
वाराणसी (जेएनएन) । पीएम मोदी के आगमन से एक दिन पहले आ रहे राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत रविवार की शाम बनारस में होंगे। 11 से 16 नवंबर तक भागवत उत्तर भारत के छह प्रांतों के 250 प्रचार प्रमुखों के साथ राष्ट्र निर्माण में संघ की भूमिका, राममंदिर निर्माण के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के साथ ही जल संचयन पर संदेश देंगे। संघ प्रमुख के आगमन को देखते हुए स्थानीय स्तर पर भी तैयारियां जोरशोर से शुरू हो गई है। कोइराजपुर में व्यास बाग स्थित निर्माणाधीन कालेज परिसर में संघ प्रमुख की क्लास चलेगी।एनएच-56 से कार्यक्रम स्थल तक काम त्वरित गति से चलता रहा। 11 नवंबर से शुरू होने वाले संघ के प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्वोत्तर राज्यों के साथ ही जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत छह प्रांतों से 250 प्रचारक वर्ग भागीदारी करेंगे।
संघ प्रमुख के कार्यक्रम स्थल और पीएम मोदी की जनसभा स्थल के बीच कम ही दूरी है। संघ और भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों ने संभावना जताई है कि संघ प्रमुख और पीएम मोदी पहली बार शहर में एक साथ हैं इसलिए उनकी मुलाकात भी संभव है। अयोध्या में राममंदिर निर्माण को लेकर चल रही पूरे देश में चल रही परिचर्चा के बीच भागवत महादेव की नगरी काशी में छह दिन रहेंगे, ऐसे में मंदिर निर्माण के बाबत संघ प्रमुख पर पूरे देश की निगाहें लगी है। संघ प्रमुख मोहन भागवत राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण के साथ ही जल संचयन के मुद्दे पर अपने विचार रखेंगे। उधर, संघ प्रमुख के साथ ही उत्तर भारत के विभिन्न शहरों से आ रहे प्रांत प्रचारकों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां कर ली है। संघ के कार्यक्रम स्थल तक बिना अनुमति किसी को भी जाने की इजाजत नहीं है।