विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी के वीआइपी क्षेत्र में चमचमाते मार्ग चमका रहे, बाकी जगह गड्ढा भरने की फुर्सत नहीं

By Raghvendra Chandra Shukla Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 16 Nov 2026 01:20 PM (IST)

वाराणसी में सड़कों की खराब हालत से लोग परेशान हैं, जहां गड्ढे और पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़कें आम ...और पढ़ें

वाराणसी में सड़कों का हाल बेहाल, वीआईपी इलाकों में चमचमाती सड़कें।

वाराणसी में सड़कों का हाल बेहाल, वीआईपी इलाकों में चमचमाती सड़कें।

HighLights

  1. काशी की कई सड़कें गड्ढों और खुदाई से बदहाल हैं।

  2. वीआईपी क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से सड़कों का नवीनीकरण हो रहा।

  3. नदेसर, टकटकपुर, सिंधोरा की सड़कें मरम्मत का इंतजार कर रही हैं।

राघवेन्द्र शुक्ल, जागरण, वाराणसी। काशी की कई सड़कों पर चलना मुश्किल है। सिस्टम ऐसा है कि देव दीपावली पर लोगों को सड़कों के गड्ढों का गिफ्ट मिला। नदेसर क्षेत्र में बनी-बनाई सड़कें पाइपलाइन के नाम पर खोद दी गईं। नगर निगम का नियम वह ही जाने लेकिन दुश्वारियां जाम के रूप में सामने है।

एक तरफ टकटकपुर, सिंधोरा, महमूरगंज, सिगरा, रथयात्रा की कई सड़कों पर कई गड्ढे पाटे नहीं गए तो दूसरी ओर वीआइपी क्षेत्र कचहरी में अफसरों के आग नंबर बढ़ाने के चक्कर में जिम्मेदारों ने चमचमाती सड़कों पर लेपन कर दोबारा से चमकाया जा रहा है।

शहर की कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। मानसून के पहले थोड़ी बहुत राहत देने वाली सड़कें अभी अब गड्ढे से सराबोर हैं। जब सड़क खराब थी तो लोगों ने विभाग में अर्जियां भी डाली लेकिन जिम्मेदारों ने इसे खारिज कर दिया। टूटी सड़कों के गड्ढे पाटे नहीं गए। रथयात्रा से महमूरगंज के बीच में सड़क खराब है और दोनों तरफ पटरियां ही बची हैं।

आनंदनगर महमूरगंज में तो सड़क पर चलना ही मुश्किल है। रथयात्रा में खराब सड़क ज्यादा है। ज्यादातर ऐसी हैं जिन्हें पाइप लाइन डालने के लिए खोदा गया और उसे बनाया नहीं गया। सिंधोरा रोड पर जाम लगता है लेकिन इसके समानांतर टकटकपुर बाइपास गड्ढों में तब्दील है। बसही चौराहा से टकटकपुर होते हर दिन इस मार्ग से हजारों बाइक व कार सवार गुजरते हैं।

निर्माण के महज तीन साल के अंदर ही यह सड़क टूट गई और अब 300 से ज्यादा गड्ढे बन गए हैं। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह का कहना है कि पीडब्ल्यूडी के अधीन जो भी सड़कें टूटी हैं। उनकी सूची बनाई जा रही है। जल्द ही उन सभी का मरम्मत होगा।

नदेसर की सड़कों को खोद डाला
विकास के नाम पर नदेसर क्षेत्र से कैंट जाने वाली सड़क को खोद दिया गया। इस मार्ग से गुजरना मुश्किल है। कई जगह पर पटरियों को काटा गया जबकि कई जगह बीच से सड़क को खोदा गया। इन सड़कों की उखड़ी गिट्टियों पर फिसलकर बाइक सवार गिर रहे हैं। कुछ जगह गड्ढों में मिट्टी इतना ज्यादा पाटा गया तो वह ब्रेकर बन चुका है।

गड्ढे वाली सड़कें पूछी नहीं, बनी बनाई सड़कों को चमका रहे
तीन दिन पहले कमिश्नर आवास होकर कचहरी चौराहा तक जाने वाली सड़क को दोबारा से चमकाया गया। गुरुवार और शुक्रवार की रात सड़क पर लेपन कर इसे चमचमा दिया गया। जबकि इस सड़क पर एक भी गड्ढा नहीं था और न ही यह सडक पैचवर्क मांग रही थी। इसे देखकर इधर से गुजरने वाले लोगों के मन में कई सवाल ने भी जन्म लिया।


पिछले कई माह से टूटी सड़कों के मरम्मत के लिए शिकायत कर रहे हैं लेकिन हीं भी सुनवाई नहीं है। - अमित सिंह भोजूबीर

तीन साल से टूटी सड़कों की सुधि लेने कोई नहीं आया है। अभी चुनाव आ जाए तो आश्वासन मिलने लगेगा। - संजय सिंह प्रताप नगर कालोनी

जहां भी सड़कें खोदी गई हैं उसे देखा जाएगा। प्रयास करेंगे कि जनता काे कोई दिक्कत न हो। कार्यदायी एजेंसी से भी पूरी रिपोर्ट ली जाएगी। बरसात से जहां सड़कें भी टूटी हैं उसे चिह्नित करके सही कराया जा रहा है।

-

अशोक तिवारी, महापौर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।