वाराणसी के सहकारी समितियों में खुले धान खरीद केंद्र, प्रति क्विंटल 1815 रुपये धान खरीद का प्रावधान
किसानों से सरकारी दर पर धान खरीदने के लिए प्रशासन ने जिले के कई क्षेत्रों में धान क्रय खोल दिया है साथ ही मूल्य निर्धारण का बोर्ड भी लगा दिए गए हैं।
वाराणसी, जेएनएन। किसानों से सरकारी दर पर धान खरीदने के लिए प्रशासन ने जिले के कई क्षेत्रों में धान क्रय खोल दिया है। साथ ही मूल्य निर्धारण का बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। किसानों से प्रति क्विंटल 1815 रुपये धान की खरीद होगी।
मिर्जामुराद के संवाददाता के अनुसार क्षेत्रीय सहकारी समिति के भीखीपुर गांव स्थित उपकेंद्र गोदाम पर शुक्रवार से धान क्रय केंद्र खुल गया। के प्रभारी विभूति नारायण श्रीवास्तव ने बताया कि 1815 रुपये प्रति कुंतल के दर से धान की खरीद होगी। पहले दिन सात किसानों ने टोकन लेकर नाम दर्ज कराया। भुगतान किसानों के खाते में सीधे ऑनलाइन किया जाएगा।धान बिक्री के लिए किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
सेवापुरी प्रतिनिधि के अनुसार तक्खू की बाबली स्थित धान क्रय केंद्र पर धान खरीदने की सभी तैयारियां पूरी हैं। यहां पांच हजार बोरी, नमी की जांच मशीन, दो इलेक्ट्रॉनिक कांटा व झरना पहुंच गया है। केंद्र से 5800 कुंतल खरीद का लक्ष्य है। 150 किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। किसानों के खाते मे सीधे पैसा संभागीय लेखाधिकारी खाद्य द्वारा भेजा जाएगा।
रोहनियां प्रतिनिधि के अनुसार धान क्रय केंद्र पर अभी किसी भी किसान ने पंजीकरण नहीं कराया है। धान क्रय केंद्र पर सहायक विकास मौजूद मिले वहीं केंद्र प्रभारी रणजीत सिंह ने किसानों को इस बाबत सूचना देने की बात कही। यहां केंद्र पर झरना टूटा पड़ा था इसको लेकर मंडी सचिव को पत्र लिखा गया है। इसी तरह रोहनियां स्थिति पीएम के गोद लिए जयापुर गांव में धान क्रय आठ नवंबर से किया जाएगा।
बड़ागांव ब्लाक में पहले ही दिन एक मात्र धान क्रय केंद्र बेलवा में खुला मिला। चोलापुर प्रतिनिधि के अनुसार ब्लाक परिसर स्थित धान क्रय केंद्र शुक्रवार को खुला, मौके पर बाट माप मशीन, तिरपाल, किसानों के लिये सादा पानी, देखने को मिला, लेकिन गोदाम में एक भी बोरी नहीं मिली। मौके पर प्रभारी सचिव जितेंद्र यादव ने बताया कि सुबह से दोपहर तक कोई भी किसान विक्रय के लिए नहीं आया।
काशी विद्यापीठ ब्लाक संवाददाता के अनुसार भुल्लनपुर स्थित धान क्रय केंद्र पर धान खरीद से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई। यहां सभी जरूरी सामान मौजूद मिला। इसमें पांच हजार क्विंटल धान रखने की क्षमता है। किसानों की सुविधा की पूरी व्यवस्था की गई है। चिरईगांव क्षेत्र के विपणन शाखा गौराकला, पीसीएफ की नरायणपुर सहकारी समिति, यूपीएग्रो के भगतुआं और एफसीआई की पहडिय़ा मंडी में खोले क्रय केंद्र खोले जाने का प्राविधान है। हरहुआ क्षेत्र के आयर बाजार स्थित आयर सहकारी समिति में केंद्र औपचारिक रूप से खुल गया। शुक्रवार को 16 किसानों ने धान बिक्री के लिए अपना नाम दर्ज कराया।
बटाई पर खेती वाले भी बेच सकेंगे धान
धान क्रय केंद्र पर इस बार बटाई पर धान की खेती किए किसान भी धान बेच सकेंगे। इसके लिए बटाई किसानों को भी पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए जिस किसान का खेत बटाई पर लिया गया है उसको भी पंजीकरण कराना होगा। काशी विद्यापीठ ब्लाक के बंदेपुर गांव में शुक्रवार को हरित क्रांति योजना के अंतर्गत कृषक गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें किसानों को धान की समय से कटाई व उसके भंडारण व बीमारियों से बचाव के विषय पर बताया गया। गोष्ठी में कृषि विशेषज्ञ श्रीराम त्रिपाठी, एडीओ कृषि वीएस तिवारी व अश्विनी सिंह मौजूद थे।