यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 19, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रिटायर्ड पोस्टमैन की निर्ममता से हत्या, डाग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने की जांच
बड़ागांव थाना क्षेत्र के इंदरपुर (गोरी) गांव में मंगलवार की रात अपराधियों ने खेत में सो रहे अवकाश प्राप्त पोस्टमैन (70) की धारदार हथियार से निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी।

वाराणसी, जेएनएन। बड़ागांव थाना क्षेत्र के इंदरपुर (गोरी) गांव में मंगलवार की रात अपराधियों ने खेत में सो रहे अवकाश प्राप्त पोस्टमैन (70) की धारदार हथियार से निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी। घटना की जानकारी परिजनों को भोर में हुई। मौके पर डाग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने छानबीन की परंतु अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिला। बाद में परिजनों ने दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। गांव निवासी रामप्रसाद यादव डाक विभाग के पोस्ट मैन पद से सेवानिवृत्त होने के बाद घर पर रहकर खेती करते थे।
मंगलवार की रात करीब आठ बजे वह खाना खाकर गाव से 200 मीटर दूर अपने खेत में फसल की रखवाली करने के लिए गए। वहां वह चारपाई पर सो गए। लगभग मध्य रात्रि के समय पहुंचे अपराधियों ने धारदार हथियार से वार कर उनकी हत्या कर दी। बुधवार भोर करीब चार बजे जब रामप्रसाद नही जागे तो परिवार के लोग खेत पर पहुंच गए। वहां का दृश्य देख परिजन हतप्रभ रह गए। रामप्रसाद का शरीर खून से लथपथ देख चीखने-चिल्लाने लगे। इतने में काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गये। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष बड़ागांव महेश पांडेय वहां की परिस्थितियों को देख तत्काल उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। थोड़ी ही देर में घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एमपी सिंह व सीओ अर्जुन सिंह डाग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम के साथ पहुंच गए। टीम के साथ आया श्वान मौके पर सूंघने के बाद खेत से होते हुए नदी के किनारे जाकर रुक गया।
अपराधियों का कोई सुराग हाथ नहीं। अंत में मृतक की पत्नी रजवंती देवी ने दो नामजद क्रमश: अरविंद उर्फ भीम यादव निवासी ददोपुर व अवधेश निवासी गाजीपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। बहू से छेड़खानी करता था आरोपित रामप्रसाद की पत्नी रजवंती का आरोप है कि आरोपित अरविंद यादव अक्सर मेरी बहू रीना को फोन करके परेशान करता था जिसका विरोध मेरे पति व पुत्र करते थे। अरविंद यादव ने अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी। विरोध के चलते उसने मेरे पति की हत्या कर दी।
पहले कुत्ते को भी जहर देकर मारा था कुछ माह पूर्व रामप्रसाद द्वारा पाले गए एक कुत्ते को भी किसी ने जहर देकर इसलिए मार डाला था। उसका भी शक आरोपित पर ही है। आरोपित के आने जाने के दौरान वह भौंकता था। घर में पकड़े जाने पर हुई थी पिटाई थानाध्यक्ष महेश पांडेय ने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व मनबढ़ अरविंद यादव रात में मृतक के घर से पकड़ा गया था, जिस पर घरवालों ने उसकी पिटाई कर बड़ागांव पुलिस को सौंप दिया था। मामला नजदीकी रिश्तेदारी होने के कारण सुलह समझौता हो गया था।