सेवानिवृत्त कुक की लोको मंडलीय चिकित्सालय में मौत, ईसीआरकेयू के सदस्यों ने लापरवाही का लगाया आरोप
पीडीडीयू नगर स्थित लोको मंडलीय चिकित्सालय में बुधवार की देर रात सेवानिवृत्त 60 वर्षीय कुक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
चंदौली, जेएनएन। पीडीडीयू नगर स्थित लोको मंडलीय चिकित्सालय में बुधवार की देर रात सेवानिवृत्त 60 वर्षीय कुक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उधर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन शाखा नंबर तीन के सदस्यों ने महिला चिकित्सालय पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में प्रदर्शन किया। आक्रोशित सदस्य चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
मंडलीय चिकित्सालय में कुक के पद से सेवानिवृत्त श्रवण कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने लोको अस्पताल में भर्ती कराया था। बुधवार की देर रात उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिली तो ईसीआरकेयू शाखा नंबर तीन के सदस्य अस्पताल पहुंच गए और शोर मचाने लगे। सदस्यों का कहना था कि चिकित्सकों की लापरवाही की वजह से मरीजों की मौत हो रही है। चिकित्सक उपस्थिति रजिस्टर में हाजिरी लगाकर गायब हो जाते हैं। इमजरेंसी ड्यूटी में भी चिकित्सक गायब रहते हैं। कई बार फोन करने के बाद भी रिसीव नहीं करते हैं।
लोगों ने आरोप लगाया कि संविदा पर तैनात महिला चिकित्सक एक रेल अधिकारी पत्नी हैं। चेतावनी दी कि यदि चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई और चिकित्सकों ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं प्रदर्शन के दौरान परिसर में काफी गहमागहमी बनी रही। वहीं कर्मचारियों में भी काफी रोष रहा।