आएं प्रयागराज, इस बार दिखेगा कुंभ का अद्भुत नजारा : रीता बहुगुणा
वाराणसी में राज्य की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि जनवरी में प्रयागराज में कुंभ और बनारस में प्रवासी सम्मेलन का संगम होगा।
वाराणसी, जेएनएन। राज्य की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि जनवरी में प्रयागराज में कुंभ और बनारस में प्रवासी सम्मेलन का संगम होगा। दोनों शहर दुनिया के केंद्र में रहेंगे। बनारस के लोग इस बार प्रयागराज आएं और कुंभ का अद्भुत नजारा देखें। उन्होंने कहा कि कुंभ को और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। बनारस में होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन के लिए भी केंद्र व राज्य सरकार की ओर से भरसक प्रयास किए जा रहे हैं।
श्री आर्य महिला हितकारिणी महापरिषद के 99वें स्थापना दिवस के मौके पर शुक्रवार को उपस्थित मंत्री ने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। वे गुड़िया का खेल, रसोई में रेसिपी के साथ राष्ट्र की रक्षा के लिए बंदूक भी चला सकती हैं। चिंताजनक स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देना पड़ा। नारियों को सदियों से सम्मान मिलता रहा, लेकिन 19वीं सदी में इसमें कमी आती गई। बेटी-बेटा में भेदभाव किया जाने लगा। हरियाणा में बदल गई तस्वीर :मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद वर्ष 2014 में हरियाणा से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की थी। तब लिंगानुपात एक हजार लड़कों के सापेक्ष 850 लड़कियां थीं। चार साल बाद वहां की स्थिति में बहुत बड़ा बदलाव आ गया। आज वहां एक हजार लड़कों के सापेक्ष 914 लड़कियां हैं। महिला सुरक्षा को लेकर केंद्र व राज्य सरकारें गंभीर हैं। 181 हेल्पलाइन के जरिए महिलाओं को सुरक्षा दी जा रही है। उत्तर प्रदेश में अब तक चार लाख से अधिक काल अटेंड की गई हैं। हर जिले में एक क्विक रिस्पांस टीम की व्यवस्था की गई है। भविष्य में गल्फ के डिफेंस प्रोग्राम कराए जाएंगे।