बोरे में मिला प्रतिबंधित मांस, लोगों के आक्रोश के बाद पुलिस ने कराया गड्ढे में दफन
चिरैयाकोट क्षेत्र गोवंश की तस्करी के लिए लंबे अरसे से बदनाम रहा है अब तस्कर प्रतिबंधित मांस की तस्करी भी करने से बाज नहीं आ रहे हैँ।
मऊ, जेएनएन। चिरैयाकोट क्षेत्र गोवंश की तस्करी के लिए लंबे अरसे से बदनाम रहा है। अब तस्कर प्रतिबंधित मांस की तस्करी भी करने से बाज नहीं आ रहे हैँ। यह स्थिति किसी दिन कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती भी बन सकती है। सोमवार की सुबह ही क्षेत्र के सुलतानीपुर के पास परदेसी मोड़ पर सड़क किनारे बोरे में प्रतिबंधित मांस भरा मिलने से सनसनी फैल गई। खबर मिलते ही काफी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। भीड़ में उत्तेजना फैलती जा रही थी, कि इसी बीच पहुंची पुलिस ने बोरे को अपने कब्जे में ले लिया और गड्ढा खोदवाकर वहीं दफन करा दिया। बोरा फटा होने के कारण प्रतिबंधित जानवर का चमड़ा और मांस साफ दिखाई दे रहा था। लोग इसे चुनाव के मौसम में माहौल बिगाड़ने की साजिश भी मान रहे हैं।
सोमवार की सुबह परदेशी मोड़ पर एक बोरा लावारिस पड़ा था। उसमें से खून आता देखकर इलाके में सनसनी फैल गई। लोग नजदीक जाकर देखे तो पता चला कि उसमें प्रतिबंधित जानवर का मांस है। फटे बोरे से वह साफ झलक रहा था। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने पहुंचते ही प्रतिबंधित जानवर के चमड़े और मांस को अपने कब्जे में ले लिया। फिर वहीं सड़क किनारे गड्ढा खोदवाकर वहीं दफन करा दिया। प्रतिबंधित मांस मिलने की खबर पर मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी। लोगों का कहना है कि पुलिस की मिलीभगत से गोवंश की तस्करी तो हो ही रही थी, अब मांस की तस्करी भी होने लगी है, इस पर कड़ाई से रोक नहीं लगाई गई तो यह सब किसी दिन क्षेत्र की कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन जाएंगे। मौके पर मौजूद लोग इसे चुनाव के समय में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करार दे रहे थे।