वाराणसी मंडलीय चिकित्सालय के आवासीय भवन पूरी तरह धराशायी, एमसीएच विंग में 152 बेड शिफ्ट
वाराणसी मंडलीय चिकित्सालय का आवासीय भवन पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है, जिसके बाद 152 बेड मातृ शिशु एवं स्वास्थ्य इकाई कबीरचौरा में स्थानांतरित किए गए हैं। नए 500 बेड के मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण के साथ, अन्य विभागों को भी क्रमवार शिफ्ट किया जा रहा है।

वाराणसी मंडलीय चिकित्सालय का आवासीय भवन धराशायी 152 बेड एमसीएच विंग में शिफ्ट।
HighLights
मंडलीय चिकित्सालय का आवासीय भवन पूरी तरह से ध्वस्त।
152 बेड मातृ शिशु एवं स्वास्थ्य इकाई में स्थानांतरित।
500 बेड मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य तेज।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। मंडलीय चिकित्सालय का आवासीय भवन अब पूरी तरह धराशायी हो गया है। 152 शैय्या बेड को मातृ शिशु एवं स्वास्थ्य इकाई कबीरचौरा में शिफ्ट कर दिया गया है। इसके मद्देनजर मंगलवार को स्वास्थ्य महानिदेशालय उत्तर प्रदेश के अपर निदेशक कार्मिक डा. संजय कुमार शैवाल ने औचक निरीक्षण निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कहा कि सफाई व्यवस्था ठीक है।
शिफ्टिंग का कार्य अभी सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। खासकर निराश्रित मरीजों के लिए अलग से की गई यह सबसे अच्छी बात है। 500 बेड का मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। अब आवासीय भवन धराशायी होने के बाद वार्ड नंबर पांच, छह, सात, आठ, नौ, 10 और सहायक नर्सिंग अधीक्षक आफिस को ध्वस्त का कार्य भी शुरू कर दिया गया।
साथ ही जी-42 भवन निर्माण के लिए खोदाई भी शुरू कर दी गई है। इसके बाद ब्लड बैंक, आसीटीसी, वार्ड नंबर चार, कार्डिक वार्ड, बर्न यूनिट, रेन बसेरा, ओटी और पैथालाजी, एक्सरे और अल्ट्रसाउंड को क्रमवार तोड़कर इमरजेंसी के पहले व दूसरे तल एवं एमसीएच के चतुर्थ तल पर शिफ्ट किया जाएगा।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. बृजेश कुमार ने बताया कि एमसीएच विंग के दूसरे तल पर पुरुष और महिला सर्जिकल वार्ड में 36 बेड, तीसरे तल पर आर्थो पुरुष और महिला 32, मेडिकल पुरुष व महिला के 84 वार्ड तैयार कर मरीजों को शिफ्ट कर दिया गया है। मरीजों की सुविधा के लिए प्रत्येक तल पर एक आरओ युक्त वाटर कूलर और 16 बाथरूम बना दिया गया है।