बीएचयू के कुक्कुट फार्म में 200 ब्रॉयलर चूजों पर चला शोध, ओमेगा-3 से भरपूर होगा चिकन, स्वाद और गुणवत्ता भी बरकरार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के शोध में सामने आया है कि मुर्गियों के दाने में अलसी मिलाकर चिकन में ओमेगा-3 ...और पढ़ें

अलसी युक्त आहार से ओमेगा-3 से भरपूर होगा चिकन, बीएचयू शोध में खुलासा।
HighLights
मुर्गियों के दाने में अलसी मिलाने से ओमेगा-3 बढ़ेगा।
मांस का स्वाद और गुणवत्ता बनी रहेगी, स्वास्थ्य भी सुधरेगा।
बीएचयू के शोध में 200 ब्रॉयलर चूजों पर परीक्षण सफल।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। मुर्गियों के दाने में अलसी मिलाकर चिकन को भी सेहत का बेहतर विकल्प बनाया जा सकता है। इससे न केवल मांस में ओमेगा-3 फैटी एसिड की मात्रा बढ़ाने की संभावना है, बल्कि मुर्गियों का स्वास्थ्य और मांस का स्वाद भी बरकरार रहता है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कुक्कुट फार्म में हुए एक शोध में यह तथ्य सामने आया है।
शोधकर्ताओं ने पाया कि ब्रॉयलर मुर्गियों के आहार में 10 प्रतिशत तक अलसी शामिल करने से उनके रक्त संबंधी मानकों, यकृत और गुर्दे के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। साथ ही मांस की बनावट में भी सुधार होता है और उपभोक्ताओं को इसके स्वाद में कोई अंतर महसूस नहीं होता।
यह शोध बीएचयू के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं वर्तमान में बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू), मुजफ्फरपुर के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में किया गया। शोधपत्र प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका 'लेटर्स इन एनिमल बायोलॉजी' में प्रकाशित हुआ है। इसमें अलसी की विभिन्न मात्राओं के ब्रॉयलर मुर्गियों के रक्त-विज्ञान, सीरम जैव-रासायनिक मानकों और मांस की गुणवत्ता पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन किया गया।
दरअसल, अलसी अल्फा-लिनोलेनिक एसिड (एएलए) यानी ओमेगा-3 फैटी एसिड का समृद्ध पादप स्रोत है। इसी गुण को देखते हुए शोधकर्ताओं ने इसके इस्तेमाल से पोषण की दृष्टि से बेहतर चिकन तैयार करने की संभावनाएं तलाशी।
इसके लिए बीएचयू के कुक्कुट फार्म में 200 कॉब-400 नस्ल के चूजों पर 42 दिनों तक परीक्षण किया गया। चूजों को सामान्य आहार के साथ क्रमश: 2.5, पांच, 7.5 और 10 प्रतिशत अलसी मिलाकर खिलाई गई। इनके परिणामों की तुलना बिना अलसी वाले सामान्य आहार से की गई।
परीक्षण में अलसी युक्त आहार लेने वाले पक्षियों में लाल और श्वेत रक्त कोशिकाओं, लिम्फोसाइट तथा प्लेटलेट्स की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, यकृत और गुर्दे के कामकाज से जुड़े जैव-रासायनिक संकेतक सामान्य सीमा में रहे। मांस की गुणवत्ता के परीक्षण में नमी, प्रोटीन और राख की मात्रा में कोई प्रतिकूल बदलाव नहीं मिला, जबकि वसा की मात्रा में वृद्धि और बनावट में सुधार देखा गया।
मांस के स्वाद और उपभोक्ता स्वीकार्यता को परखने के लिए 15 प्रशिक्षित निर्णायकों की टीम ने रंग, स्वाद, रसीलेपन, कोमलता और समग्र गुणवत्ता का मूल्यांकन किया। इसमें अलग-अलग आहार समूहों के चिकन के बीच कोई उल्लेखनीय अंतर नहीं मिला। हालांकि, पांच प्रतिशत अलसी वाले समूह को संख्यात्मक रूप से सर्वाधिक अंक प्राप्त हुए।
प्रो. दिनेश चंद्र राय ने शोध की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उद्देश्य पशु-पोषण को मानव स्वास्थ्य से जोड़ना है। अलसी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधन है। शोध से पता चलता है कि इसके इस्तेमाल से पोषण की दृष्टि से बेहतर चिकन मांस तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। इससे कुक्कुट पालकों और फीड उद्योग को भी मूल्यवर्धित उत्पाद विकसित करने का अवसर मिलेगा।
शोध टीम में अमन राठौर (छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर एवं बीएचयू), प्रो. दिनेश चंद्र राय (बीएचयू एवं बीआरएबीयू), अशोक कुमार यादव और नानम रोन्या (खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग, राजीव गांधी विश्वविद्यालय, इटानगर) शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।