वन विभाग के प्रयास से गम से उबर रहे सारस ने शुरू किया भोजन
बीते दिनों दिल का दौरा पडऩे से सारस के जोडे में से एक की अचानक मौत हो गयी, 27 साल पुराना नाता टूटने से दूसरे साथी सारस ने गम में दाना पानी छोड़ दिया था।
वाराणसी । राजकीय पक्षी सारस अमूमन सामाजिक होते हैं लिहाजा उनमें से कोर्इ एक अगर किसी वजह से दम तोड देता है तो दूसरा भी अन्न जल त्याग देता है। कुछ इसी तरह की घटना सारनाथ पक्षी विहार केंद्र में गत बुधवार को हुई थी जहां एक राजकीय पक्षी सारस की मौत हो गयी थी। उसके बाद से उसके साथी ने भी वियोग में दाना पानी छोड़ दिया था। पक्षी विहार में इस बात की चिंता थी कि यह सारस भी अब भोजन पानी करने लगे नहीं तो उसकी जान जा सकती है। लेकिन सोमवार से सारस ने सामान्य होकर फल और ब्रेड खाना शुरू कर दिया है।
स्थिति हो रही सामान्य
बीते बुधवार को दिल का दौरा पडऩे से सारस के जोडे में से एक की अचानक मौत हो गयी। आपसी 27 साल पुराना नाता टूटने से उसके दूसरे साथी सारस ने गम में दाना पानी छोड़ दिया था। हालांकि इसके बाद वनकर्मियों की बराबर सारस पर नजर थी। वन क्षेत्राधिकारी एनपी सिंह ने बताया कि दूसरा साथी सारस अब केला, सेब के टुकड़े, ब्रेड व दाना खाने लगा है, वह अब धीरे धीरे सामान्य स्थिति में आ रहा है। उम्मीद है कि यह सामाजिक जीवन जीने वाला पक्षी भी जल्द सामान्य हो जाएगा।