विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आयुष विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर, 1000 फर्जी बीएएमएस डॉक्टरों के पंजीयन का आरोप: लाल बिहारी यादव

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 25 Nov 2026 06:21 PM (IST)

शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव ने आयुष विभाग में बड़े भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है, जिसमें डॉ. अखिलेश वर्मा पर 1000 फर्जी बीएएमएस डॉक्टरों के पंजीयन का गिरोह चलाने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि बिना नीट परीक्षा के 15-20 लाख रुपये लेकर फर्जी डिग्री और प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है।

HighLights

  1. आयुष विभाग में 1000 फर्जी बीएएमएस डॉक्टरों का आरोप।

  2. रजिस्ट्रार डॉ अखिलेश वर्मा पर घोटाले का संचालन।

  3. फर्जी पंजीयन से मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। उत्तर प्रदेश के आयुष विभाग और चिकित्सा पंजीयन व्यवस्था को लेकर बड़ा सियासी व प्रशासनिक विवाद खड़ा हो गया है। बुधवार को वाराणसी स्थित नवीन सर्किट हाउस के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान शिक्षक एमएलसी एवं विधान परिषद में पूर्व नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि आयुर्वेदिक तथा यूनानी तिब्बी चिकित्सा पद्धति बोर्ड, लखनऊ के रजिस्ट्रार डॉ. अखिलेश वर्मा कथित तौर पर डॉक्टर पंजीयन घोटाले से जुड़े एक अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह का संचालन कर रहे हैं और विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है।

1000 फर्जी बीएएमएस डॉक्टर बनाने का दावा

प्रेसवार्ता में लाल बिहारी यादव ने आरोप लगाया कि बिना नीट परीक्षा उत्तीर्ण किए और बिना किसी मेडिकल कॉलेज में विधिवत दाखिला लिए लगभग 1,000 लोगों को कथित तौर पर बीएएमएस (BAMS) पंजीकृत डॉक्टर बना दिया गया। उनके अनुसार, प्रति अभ्यर्थी 15 से 20 लाख रुपये की कथित वसूली के जरिए करीब 1,000 से 1,500 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की गई।

उन्होंने दावा किया कि हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के प्रतिष्ठित राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेजों के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी मार्कशीट, डिग्री, इंटर्नशिप प्रमाणपत्र और बोर्ड की एनओसी जैसे कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए। आरोप है कि इन दस्तावेजों को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर फर्जी सत्यापन दिखाया गया और रजिस्ट्रार के हस्ताक्षर से पंजीयन प्रमाणपत्र जारी किए गए, जिसके आधार पर कई लोग जिलों में पंजीकरण कराकर वर्षों से प्रैक्टिस कर रहे हैं और मरीजों की सेहत से खिलवाड़ हो रहा है।

एनसीआईएसएम की जांच और एफआईआर का जिक्र

लाल बिहारी यादव ने बताया कि कथित पंजीयन घोटाले का खुलासा 7 अप्रैल 2025 को भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (NCISM), नई दिल्ली की टीम ने किया था और रजिस्ट्रार को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे। आरोप है कि रजिस्ट्रार ने बोर्ड सदस्यों को इसकी सूचना नहीं दी, अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर 41 कथित फर्जी पंजीयन निरस्त कर दिए और लखनऊ के हुसैनगंज थाने में एफआईआर भी दर्ज नहीं कराई। उन्होंने यह भी कहा कि मामले को दबाए रखने के लिए अप्रैल 2025 से बोर्ड की नियमित कार्यवाही बाधित रखी गई।

उपाध्यक्ष के पत्र के बाद कार्रवाई का दावा

प्रेसवार्ता में बताया गया कि जब बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. शैलेश राय को 2 अगस्त 2026 को इस मामले की जानकारी हुई, तो उन्होंने मुख्यमंत्री, आयुष मंत्री, प्रमुख सचिव आयुष और पुलिस कमिश्नर को लिखित सूचना दी। लगातार पत्राचार और मीडिया के दबाव के बाद करीब 15 माह के अंतराल पर हुसैनगंज थाने में महज 60 फर्जी पंजीकृत चिकित्सकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज हो सकी। लाल बिहारी यादव ने सवाल उठाया कि जिन पर हस्ताक्षर कर प्रमाणपत्र जारी करने का आरोप है, वे पद पर बने हुए हैं, जिससे जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है।

वाहन और भुगतान पर भी सवाल

लाल बिहारी यादव ने निजी वाहन पर कथित रूप से 'न्यायाधीश' लिखे होने, भारत सरकार के जज लोगो और विधान परिषद सचिवालय पास के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए तथा वाहन संख्या UP 32 QH 7074 का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने आयुष मंत्री के वाहन के नाम पर किराये के मद में प्रतिमाह 2.5 से 3 लाख रुपये के भुगतान और होम्योपैथिक बोर्ड से भी इसी तरह के भुगतान का आरोप लगाते हुए एक कंपनी के माध्यम से लेनदेन का दावा किया। उन्होंने इस प्रकरण को व्यापम और नीट पेपर लीक से भी बड़ा घोटाला बताया। प्रेसवार्ता में प्रदीप कुमार मौर्य और संतोष यादव बबलू एडवोकेट भी मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।