वाराणसी में लाखों की कीमत के 23 दुर्लभ कछुओं संग 2 महिला तस्कर गिरफ्तार, RPF-GRP के हाथ लगी बड़ी सफलता
बनारस स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी और सीआइबी की संयुक्त टीम ने 23 दुर्लभ कछुओं के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है।

महिलाओं से तस्करी के बाबत पूछताछ करते आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार। जागरण
HighLights
बनारस स्टेशन पर 23 दुर्लभ कछुओं के साथ दो महिला तस्कर पकड़ी गईं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कछुओं की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक है।
महिलाएं बच्चों के साथ पश्चिम बंगाल जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रही थीं।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। बनारस स्टेशन के पुरानी पार्किंग परिसर में बीते मंगलवार की रात आरपीएफ, जीआरपी और सीआइबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 दुर्लभ कछुओं के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया। टीम को 13 बैग और गठरियों से अलग-अलग प्रजाति के दुर्लभ कछुए मिले। इनकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में तीन लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है।
पूछताछ में दोनों की पहचान सुल्तानपुर जनपद के हनुमानगंज अंतर्गत पकड़ी निवासी मनीषा और सपना के रूप में हुई। आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार दोनों महिलाएं सुल्तानपुर से सड़क मार्ग से बनारस स्टेशन पहुंची थीं। वे पश्चिम बंगाल जाने के लिए ट्रेन की प्रतीक्षा कर रही थीं। दोनों महिलाएं अपनी गोद में छोटे-छोटे बच्चों के साथ बैठी हुई थीं। इसी दौरान टीम को सूचना मिली तो घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
बच्चों को साथ रखकर तस्करी करने की बात सामने आने पर टीम भी हैरान रह गई। आरपीएफ ने वन्यजीवों को वन विभाग के हवाले कर दिया गया। वन विभाग अब कछुओं की प्रजाति और उनकी स्थिति की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कछुए कहां से लाए गए और पश्चिम बंगाल में किसे सौंपे जाने थे।