बनारस की तल्ख गर्मी का सितम नहीं झेल पाए रणबीर कपूर और आलिया Varanasi news
शूटिंग से जुड़े एक सह कलाकार ने बताया कि सोमवार को गर्मी के चलते अभिनेत्री अलिया भट्ट के पेट में कुछ परेशानी हुई थी।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस में भीषण गर्मी से आम जनजीवन तो प्रभावित है साथ ही वह फिल्म कलाकार भी प्रभावित हैं जो एसी में अपना अधिक समय बिताते हैं। दो दिनों से तापमान में आई गिरावट ने गर्मी से कुछ राहत जरूर दी है, लेकिन उमस ने अभी भी जीना मुहाल किया है। हालात इस कदर बिगड़े हैं कि आम के साथ ही खास तबका भी यानी फिल्मी सेलिब्रेटी भी परेशान हैं। रामनगर किले में बीते कई दिनों से चल रही आलिया और रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' की शूटिंग भी भीषण गर्मी की वजह से आखिरकार टालनी पड़ गई।
इस मामले की जानकारी तब हो सकी जब कलाकार तय समय से पूर्व ही मुंबई वापस लौट गए। फिल्म की शूटिंग से जुड़े एक सह कलाकार ने बताया कि सोमवार को गर्मी के चलते अभिनेत्री अलिया भट्ट के पेट में कुछ परेशानी हुई थी। जिस वजह से दोनों ही मुख्य कलाकार तीन दिनों की शूटिंग का शेड्यूल रोककर मुंबई रवाना हो गए। दरअसल, बनारस में कई दिनों से तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है।
वहीं गर्मी के साथ हाे रही भीषण उमस लोगों को बीमार भी बना रही है। दोनों ही मुख्य कलाकार ब्रह्मास्त्र फिल्म में महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। फिल्म के कई महत्वपूर्ण दृश्यों का फिल्मांकन बनारस के घाटों और रामनगर दुर्ग में अभी होना बाकी है। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और नागार्जुन जैसे बड़े स्टार भी काम कर रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप