विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी सह‍ित पूर्वांचल में बारिश ने धोए अरमान, नुकसान पर रो रहा किसान

By Raghvendra Chandra Shukla Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 17 Nov 2026 12:17 PM (IST)

वाराणसी और पूर्वांचल में अर्णब तूफान व बेमौसम बारिश से किसानों की धान की फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे वे ...और पढ़ें

वाराणसी पूर्वांचल में बारिश तूफान से धान की फसलें बर्बाद किसान परेशान।

वाराणसी पूर्वांचल में बारिश तूफान से धान की फसलें बर्बाद किसान परेशान।

HighLights

  1. अर्णब तूफान और बारिश से धान की फसलें चौपट हुईं।

  2. वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई गांवों में नुकसान।

  3. फसल बीमा नियमों की जटिलता से किसान चिंतित।

राघवेन्द्र शुक्ल, जागरण, वाराणसी। आराजीलाइन के ग्राम बैरवल के किसान श्रीराम पटेल, सोमवार को टहलते-टहलते लक्षापुर गांव के अपने खेत पर पहुंच गए, जहां आज भी बर्बादी के निशां बिखरे पड़े थे। इनके खेत में पककर खड़ी दो बीघा धान की फसल अर्णब तूफान से बिछी और बारिश से भीग गई। आज भी बिछी फसल के अवशेष मौजूद हैं।

श्री राम की आंखों के आंसू तो सूख गए हैं लेकिन दर्द आज भी चेहरे पर झलक रहा है। 20 से 25 क्विंटल धान की उम्मीद में बैठे किसान को खुद के लिए मुश्किल से दो क्विंटल धान मिल पाया। वापसी में गांव पहुंचे तो यहां भी 10 बिस्वा में बिखरी हुई फसल देखकर उनका दर्द और बढ़ जाता है।

नुकसान उठाने वाले श्रीराम पटेल अकेले नहीं हैं, जिनके अरमान बारिश ने धोए। उनके जैसे कई किसान हैं जो आज भी अपने नुकसान पर रो रहे हैं। इनके खेतों में इनकी उम्मीदें आज भी बिखरी पड़ी हैं। सितंबर माह के आखिरी पखवारे में जाते-जाते झूमकर बरसे बदरा और 29 व 30 अक्टूबर को आए अर्णब तूफान व बारिश ने कई गांवों में फसल बर्बाद किया।

आराजी लाइन के पयागपुर, बड़ागांव के चिलबिला, हरहुआ ब्लाक के औरा, बड़ागांव के लखापुर, मुर्दहा गांव, हरहुआ का चक्का गांव, भटौली, करोमा के अलावा राजातालाब, मोहनसराय, चौबेपुर, गरथौली, चिरई गांव के बरियासनपुर, सेवापुरी के उपरवार, नेवादा, मटुका, काशी विद्यापीठ के गोविंदपुर, बंदेपुर, दाउदपुर, फरीदपुर में कई हेक्टेयर फसल बर्बाद हुई थी।

बेहतर उत्पादन की उम्मीद थी लेकिन बारिश से बर्बाद हो गए। पिछले साल भी नुकसान झेला था। आर्थिक मदद नहीं मिली। - श्रीराम पटेल, किसान बैरवल

एक बीघा धान की फसल खराब हो गई। इस साल अब चावल खरीदकर खाना पड़ेगा। तकरीबन 15 हजार रुपये का नुकसान हो गया। - पारसनाथ, किसान भूड़ापुर

दस बिस्वा जमीन में धान की फसल लगाया था। पक भी गई थी और जिस दिन काटने की तैयारी थी उसी दिन बारिश से नुकसान हो गया। -मुन्ना लाल यादव, मोहन सराय

खेवसीपुर में फसल बोई थी। बारिश से पूरी फसल बिछ गई। बारिश का पानी लग गया था। कई घंटों तक वर्षा होने से जल निकासी नहीं कर सका। - जयप्रकाश पटेल, किसान खेवसीपुर

बीमा का विकल्प, नियमों का झोल
फसल खराब होने पर बीमा का विकल्प भी है, लेकिन झोल भी है। नियमों के अनुसार यदि धान की फसल खेत में खराब हुई तो मुआवजा का प्रावधान नहीं है। क्योंकि धान को पानी वाली फसल माना जाता है।यदि धान कटकर कहीं रखा है तो ही नुकसान पर मुआवजा मिलेगा। इसमें भी 72 घंटे के अंदर टोल फ्री नंबर 14447 पर विस्तृत जानकारी देना अनिवार्य है।

पिछले साल 11,584 किसानों को मिला था लाभ
पिछले खरीफ सीजन में फसलें खराब होने पर 11,584 किसानों को मुआवजा मिला था। फरवरी-2026 में इन किसानों को 4.26 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद उनके बैंक खातों में भेजी गई थी।

जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है, उन्हें मुआवजा मिलता है। खेत में खड़ी धान की फसल बीमा के दायरे में नहीं आती है। कटने के बाद रखा धान यदि खराब होगा तो ही लाभ मिलेगा। विभागीय स्तर पर ऐसे मामलों को प्राथमिकता के साथ निस्तारित करते हैं।

-

संगम सिंह, जिला कृषि अधिकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।