रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का बरेका दौरा, कर्मचारियों के साथ कैंटीन में किया भोजन
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के साथ ...और पढ़ें

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बरेका में कर्मचारियों संग किया भोजन, सुनी समस्याएं।
HighLights
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बरेका का दौरा किया।
कर्मचारियों के साथ कैंटीन में बैठकर दोपहर का भोजन किया।
कर्मचारी संगठनों और महिला कर्मचारियों से भी संवाद किया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने बरेका के स्वागती हॉल में भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और एकीकरण में सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय रहेगा। दौरे का सबसे आत्मीय क्षण उस समय देखने को मिला जब रेल मंत्री औपचारिक परिवेश से अलग हटकर सीधे बरेका कर्मचारी कैंटीन पहुंचे और कर्मचारियों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया।
उन्होंने सहज वातावरण में कर्मचारियों से बातचीत की और कार्यप्रणाली, खान-पान की सुविधाओं, अनुभवों और सुझावों के बारे में जानकारी ली। रेल मंत्री को अपने बीच बैठकर भोजन करते देख कर्मचारियों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। कर्मचारियों ने इसे गौरवपूर्ण और अविस्मरणीय अनुभव बताया।
इसके बाद रेल मंत्री ने बरेका के विभिन्न कर्मचारी संगठनों - बरेका कर्मचारी परिषद, एससी,एसटी एसोसिएशन, बीएलडब्ल्यू मजदूर संघ और मेंस कांग्रेस ऑफ बीएलडब्ल्यू के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपे, जिस पर मंत्री ने गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रेल मंत्री ने बरेका में कार्यरत महिला कर्मचारियों से भी विशेष संवाद किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण, बेहतर सुविधाओं और रेलवे में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर चर्चा की। उन्होंने रेलवे की प्रगति में महिला कर्मचारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर अध्यक्ष रेलवे बोर्ड एवं सीईओ सतीश कुमार, महाप्रबंधक बरेका आशुतोष पंत, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।