Varanasi में lockdown के दौरान कुष्ठ रोग से ग्रसित दिव्यांग जनों को मिली राहत सामग्री
वाराणसी में कुष्ठ रोग से ग्रसित दिव्यांग जनों को मिली राहत सामग्री।
वाराणसी, जेएनएन। जनपद में कुल चार स्थानों पर कुष्ठ आश्रम संचालित होते हैं जिसमें संकट मोचन कुष्ट आश्रम, संकट मोचन मंदिर, गंगा कुष्ठ आश्रम भदऊ चुंगी, भोलानाथ कुष्ठ आश्रम हीरामन पुर सारनाथ एवं बाबा अवधूत भगवान राम कुष्ठ आश्रम पड़ाव है। जिसमें बड़ी संख्या में कुष्ठ जनित दिव्यांग रोगी रहते हैं जिनको दिव्यांग कंट्रोल रूम वाराणसी और जिला दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग वाराणसी की ओर से राहत सामग्री दी गई। इन समस्त दिव्यांग जनों को लाक डाउन में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए पर्याप्त राशन उपलब्ध कराया गया है। भगवान अवधूत राम कुष्ठ आश्रम पड़ाव में किसी को कोई समस्या नहीं थी वहां पर कोई राहत सामग्री नहीं दी गई। वहां आश्रम से ही सम्पूर्ण व्यवस्था की गई थी। बताया गया कि वहां उस व्यवस्था का अध्ययन निरीक्षण किया गया जो प्रसंशनीय है।
इस संबंध में जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी राजेश मिश्रा ने बताया कि 21 प्रकार के दिव्यांगता के अंतर्गत कुष्ठ ग्रसित व्यक्ति भी आते हैं। लाकडाउन के चलते उनके समक्ष रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया था। जिसे देखते हुए उन्हें सामग्री उपलब्ध कराई गई है। दिव्यांग कंट्रोल रूम के संयोजक दिव्यांग बंधु डॉक्टर उत्तम ओझा ने बताया कि वाराणसी जनपद में रहने वाले कुष्ठ रोग से ग्रसित दिव्यांग जनों को यह सामग्री प्राप्त हो जाने से वाराणसी जनपद के अंतर्गत रहने वाले कुष्ठ जनित दिव्यांग जनों को यह सामग्री मिली। जिसमें भारत में वाराणसी पहला जिला है जिसमें एक प्रकार के समस्त दिव्यांगों की चिंता की गई व उनको राहत सामग्री प्रदान की गई।
यह राहत सामग्री भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र के महामंत्री अशोक चौरसिया द्वारा उपलब्ध कराया गया था। अशोक चौरसिया ने स्वयं आश्रम में उपस्थित होकर राहत सामग्री का वितरण किया और उन्होंने इस बात पर संतोष जताया कि दिव्यांग जनों को इस योजना में वरीयता मिल रही है क्योंकि दिव्यांगजन शारीरिक रूप से कमजोर होते हैं, इसलिए हमें उन को वरीयता देनी चाहिए उन्होंने प्रधानमंत्री जी के संसदीय क्षेत्र में इस उपलब्धि पर जिला दिव्यांग अधिकारी और दिव्यांग बंधु डॉक्टर उत्तम ओझा को बधाई दी।