यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 17, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Protest Against Agnipath scheme : वाराणसी में डीएम के आमंत्रण के बावजूद युवा तोड़फोड़ में जुटे
Protest Against Agnipath scheme in Varanasi जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने युवाओं से अपील किया है की अग्निपथ को लेकर ...और पढ़ें

वाराणसी, जागरण संवाददाता। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने युवाओं से अपील किया है की अग्निपथ को लेकर किसी को कोई शंका हो तो वह पत्रक के माध्यम से उन्हें अवगत करा सकता है। इसके बावजूद शहर में तोड़फोड़ की घटनाएं हो रही हैं लेकिन जिलाधिकारी से विरोध का पत्रक देने के लिए कोई नहीं पहुंचा। जिलाधिकारी ने बीती रात ही प्रिंट मीडिया और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से शांति बनाने की अपील की थी।

जिलाधिकारी ने कहा कि वाराणसी में नयी सेना भर्ती योजना के विरोध में युवाओं को इकट्ठे होने के सोशल मीडिया मैसेज कुछ तत्वों द्वारा प्रचारित किये जा रहे हैं। इसके दृष्टिगत जनपद वाराणसी के आसपास के समस्त युवाओं और उनके अभिभावकों से अनुरोध किया जाता है कि इंटरनेट मीडिया सहित अन्य श्रोतों से जो मैसेज प्रचारित किये जा रहे हैं ये भ्रामक हैं। इसी प्रकार के मैसेज पिछले शुक्रवार को सभी बाज़ार और दुकानें बंद रखने के बारे में भी प्रचारित किये गए थे। इस प्रकार के किसी मैसेज के बहकावे में ना आएं।

पिछले दो शुक्रवार से प्रदेश के कुछ शहरों में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है जिससे पूरे प्रदेश में संवेदनशीलता बनी हुई है।वाराणसी में सभी निवासीगण के भाई चारे और सूझबूझ से वातावरण शांतिपूर्ण है परंतु शहर में बाहर के लोगों के आने से शुक्रवार को कोई भी इसे गलत रूप दे कर सौहार्द्रपूर्ण वातावरण खराब करने की कोशिश कर सकता है।

अतः समस्त अभिभावकों एवं नागरिकों से अपील है कि वे अपने परिवार एवं आसपास के नवयुवकों को किसी भी प्रकार के प्रदर्शन आदि में सम्मिलित होने से रोकें। यदि किसी को लोकतांत्रिक ढंग से अपनी बात रखनी हो तो वे ज्ञापन के माध्यम से अपनी भावना व्यक्त कर सकते हैं। जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक वाराणसी द्वारा सभी ग्रामीण अधिकारियों को गांव में ही पहुंच कर ऐसे सभी ज्ञापन लेने के निर्देश दिए गए हैं। मंडलायुक्त वाराणसी और पुलिस महानिरीक्षक वाराणसी रेंज द्वारा भी मंडल के सभी जनपदों में गांव में ही ज्ञापन लेने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

मजिस्ट्रेटों ने संभाला मोर्चा
वाराणसी। डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट कौशल राज शर्मा समेत सभी एडीएम और डिप्टी कलेक्टर ने अपने-अपने क्षेत्र में मोर्चा संभाल लिया है। वह लगातार क्षेत्रों में भ्रमण कर शांति की अपील कर रहे हैं। असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है।