वाराणसी में साल्वर गैंग के दो बदमाशों पर संपत्ति कुर्की से कसेगा शिकंजा, एक ने किया कोर्ट में समर्पण, बिहार और झारखंड से भी है कनेक्शन
वाराणसी में यूपी सिविल कोर्ट भर्ती परीक्षा में सेंधमारी करने वाले साल्वर गैंग पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। एक ...और पढ़ें

वाराणसी में साल्वर गैंग पर पुलिस का शिकंजा, एक आरोपी ने किया आत्मसमर्पण। (AI image)
HighLights
साल्वर गैंग पर वाराणसी पुलिस का शिकंजा, चार्जशीट दाखिल।
मनीष कुमार ने कोर्ट में किया सरेंडर, जेल भेजा गया।
फरार दो आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। वर्ष 2024-25 की यूपी सिविल काेर्ट सेंट्रलाइज रिक्रूटमेंट परीक्षा में सेंधमारी की कोशिश करने वाले साल्वर गैंग पर कानून का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ जांच पूरी कर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने के बाद कुर्की का शिकंजा कसा तो प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय रोड निवासी मनीष कुमार भाईलाल ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
प्रयागराज के औल्हैया ओठगी ठरहर के रावेंद्र कुमार व बढ़ैया के विजय कुमार के पकड़े न जाने के कारण पुलिस विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद दोनों की संपत्ति कुर्क करेगी। वहीं, कोर्ट में सरेंडर के बाद जेल पहुंच चुके मनीष कुमार से पूछताछ की, जिससे सभी 10 आरोपितों को सजा दिलाई जा सके।
यह था पूरा मामला
वर्ष 2025 में चार जनवरी को बीएचयू परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय में यूपी सिविल काेर्ट सेंट्रलाइज रिक्रूटमेंट परीक्षा की परीक्षा हो रही थी। उस समय प्रयागराज निवासी परीक्षार्थी मनीष कुमार की बायोमेट्रिक का मिलान सटीक नहीं होने की जानकारी एनटीए ने दी थी। जिसके क्रम में जांच हुई तो पता चला कि मनीष कुमार झारखंड निवासी सौरभ की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। परीक्षा केंद्र प्रभारी व केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार ने सौरभ व मनीष के खिलाफ केस दर्ज कराया। तत्कालीन एसीपी डा. ईशान सोनी फिर गौरव कुमार ने जांच की तो गिरोह से जुड़े 10 आरोपितों के नाम सामने आए।
साल्वर गैंग के दस सदस्य
- सौरभ कुमार, गिरीडीह झारखंड।
- मनीष कुमार भाईलाल, प्रयागराज।
- आशीष रंजन, नालंदा बिहार।
- पवन कुमार, गिरीडीह झारखंड।
- जितेंद्र कुमार, नालंदा बिहार।
- अखिलेश कुमार, सोरांव प्रयागराज।
- रावेंद्र कुमार, लालपुर प्रयागराज।
- विजय कुमार, सोरांव प्रयागराज।
- आदित्य नारायण व आर्यन बिंद पता अज्ञात।

साल्वर गैंग अंतरप्रांतीय है। अधिकांश पकड़े जा चुके हैं,फरार दो आरोपितों के खिलाफ संपत्ति कुकी के प्रयास जारी है। पुलिस का प्रयास एक-एक आरोपित की गिरफ्तारी के साथ उन्हें कोर्ट से सजा दिलाना है।
गौरव कुमार, एसीपी भेलूपुर।
