विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी में निकली प्रभु श्रीराम दरबार की शोभायात्रा, रामधुन और पुष्पवर्षा से गूंजी धर्मनगरी; लक्ष्मीकुंड में प्रतिमा विसर्जन

By Pradyuman Pandey RamuEdited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 25 Nov 2026 01:51 PM (GMT+05:30)

काशी में श्री रामचरितमानस नवाह पाठ महायज्ञ के समापन पर प्रभु श्रीराम दरबार की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार से शुरू होकर लक्ष्मीकुंड में प्रतिमा विसर्जन के साथ संपन्न हुई, जिसमें भक्तों ने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ स्वागत किया।

काशी में रामधुन और पुष्पवर्षा के बीच निकली प्रभु श्रीराम दरबार की भव्य शोभायात्रा।

काशी में रामधुन और पुष्पवर्षा के बीच निकली प्रभु श्रीराम दरबार की भव्य शोभायात्रा।

HighLights

  1. श्री रामचरितमानस महायज्ञ के समापन पर शोभायात्रा।

  2. श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार से लक्ष्मीकुंड तक निकली यात्रा।

  3. भक्तों ने पुष्पवर्षा कर प्रभु श्रीराम का स्वागत किया।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी की पावन धरा पर बुधवार को भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री रामचरितमानस नवाह पाठ महायज्ञ समिति की ओर से आयोजित नवदिवसीय रामायण महायज्ञ के अंतिम दिन प्रातः 9 बजे श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार से प्रभु श्रीराम दरबार की विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जय श्रीराम के उद्घोष और बैंड-बाजे पर गूंजती मधुर रामधुन के बीच समूचा वातावरण राममय हो उठा।

शोभायात्रा के शुभारंभ से पूर्व समिति के पदाधिकारियों ने विधि-विधान से प्रभु श्रीराम दरबार का पूजन-अर्चन कर भव्य आरती उतारी। भगवान को विशेष भोग अर्पित करने के पश्चात श्रद्धालुओं के मध्य प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद प्रभु श्रीराम दरबार की मनोहारी प्रतिमा को विभिन्न प्रकार के स्वदेशी फूलों से आकर्षक ढंग से सुसज्जित वाहन (रथ) पर विराजमान कराया गया।

शोभायात्रा में सबसे आगे समिति का बैनर चल रहा था, जिसके पीछे बैंड-बाजे की धुनों पर श्रद्धालु थिरकते और भजन गाते चल रहे थे। यात्रा की भव्यता को बढ़ाते हुए 108 भूदेव (ब्राह्मण) हाथों में पवित्र श्रीरामचरितमानस की पोथी लिए मंगल पाठ करते हुए साथ चल रहे थे। यात्रा में शामिल एक सुसज्जित बग्गी पर व्यास जी श्री राम कपूरिया विराजमान थे, जबकि दूसरी बग्गी पर पवित्र पोथी को आदरपूर्वक विराजमान किया गया था।

श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार से आरंभ हुई यह शोभायात्रा बांसफाटक, गोदौलिया और गिरजाघर चौराहा होते हुए लक्सा स्थित लक्ष्मीकुंड पहुंची। पूरे यात्रा मार्ग पर काशीवासियों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह प्रभु श्रीराम की आरती उतारी और शोभायात्रा में शामिल भक्तों पर पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। लक्ष्मीकुंड पहुंचने पर सभी भूदेवों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीराम दरबार का अंतिम पूजन-अर्चन किया गया। समिति की ओर से सभी भूदेवों को यथोचित दक्षिणा देकर ससम्मान विदा किया गया, जिसके पश्चात नम आंखों और जयकारों के साथ प्रतिमा का लक्ष्मीकुंड में विसर्जन संपन्न हुआ।

इस पावन आयोजन में संस्था के अध्यक्ष कौशल शर्मा, महामंत्री अजय खेमका, प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान, रघु देव अग्रवाल, अशोक सराफ, विश्वनाथ पोद्दार, महेंद्र शर्मा, राहुल शर्मा, राधेश्याम मिश्रा, विवेक जायसवाल, कृष्ण कुमार काबरा एवं सतीश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व समिति के सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।