यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 19, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
वाराणसी-लखनऊ फोरलेन को जल्द पूरा करने के लिए प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग नितिन रमेश गोकर्ण ने दिया निर्देश
प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग नितिन रमेश गोकर्ण ने मंगलवार को लखनऊ-वाराणसी हाईवे का निरीक्षण किया।

जौनपुर, जेएनएन। प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग नितिन रमेश गोकर्ण ने मंगलवार को लखनऊ-वाराणसी हाईवे का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने का निर्देश देने के साथ ही अधिकारियों संग बैठक कर मुआवजे समेत अन्य तरह की दिक्कतों को दूर करने का रास्ता सुझाया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि फोरलेन की इस महत्वपूर्ण परियोजना को जितनी जल्दी हो पूरा करें।
निरीक्षण में पाया कि गत तीन वर्ष से हो रहे निर्माण का अभी तक महज 70 फीसद ही कार्य हो सका है, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। श्री गोकर्ण ने अन्य लंबित परियोजनाओं की भी समीक्षा करने के साथ ही अधूरे पुलों को भी जल्द बनाने को कहा। इसके पूर्व बदलापुर पहुंचे गोकर्ण ने वहां भूमि विवाद का समाधान किया। मुआवजे को लेकर कुछ दूरी पर कार्य गत कुछ समय से रूका था। इसके अलावा उन्होंने नगर को जोडऩे वाले एनएचआइ की सड़कों को दुरुस्त करने को कहा। हाईवे व सड़कों को देखने के बाद उन्होंने निरीक्षण भवन में एनएचआइ, सेतु निगम व पीडब्ल्यूडी अधिकारियों संग बैठक किया। इस दौरान उन्होंने अभियान के तहत गड्ढ़ों को भरने का भी निर्देश दिया। बैठक में पीडी एनएचआइ एसबी सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राधाकृष्ण व अधीक्षण अभियंता एसके अग्रवाल समेत अन्य मौजूद रहे।
