मारीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह ने किए काशी विश्वनाथ व मां अन्नपूर्णा के दर्शन
मारीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन ने गुरुवार को काशी विश्वनाथ दरबार में हाजिरी लगाने के साथ ही माता अन्नपूर्णा का आशीर्वाद लिया।
वाराणसी, जेएनएन। मारीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन ने गुरुवार को काशी विश्वनाथ दरबार में हाजिरी लगाने के साथ ही माता अन्नपूर्णा का आशीर्वाद लिया। गया में पूर्वजों का पिंडदान करने के बाद मारीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन दोपहर में सपत्नीक वाराणसी पहुंचे।
एलबीएस इंटरनेशनल एयरपोर्ट बाबतपुर पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। छावनी क्षेत्र के एक होटल में अल्प विश्राम के बाद राष्ट्रपति सपत्नीक काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। विधि-विधान से बाबा का दर्शन पूजन किया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने मारीशस के राष्ट्रपति को अंगवस्त्रम के साथ ही काशी विश्वनाथ का प्रसाद दिया। बाबा के दर्शन के बाद राष्ट्रपति माता अन्नपूर्णा के दरबार पहुंचे। उप महंत शंकर पुरी के आचार्यत्व में पांच वैदिक ब्राह्मणों षोडशोपचार व कुमकुम पूजन कराया।
मॉरीशस के राष्ट्रपति ने देखी गंगा आरती
दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा होने वाली विश्व प्रसिद्ध दैनिक मां गंगा की आरती में सह परिवार पहुंचे मारीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह ने पत्नी व परिवार के साथ मां गंगा का वैदिक रीति से पूजन किया एवं मंडी पर बैठ मां भगवती की आरती झांकी देख मंत्र मुग्ध हो गए साथ ही परिवार के साथ सेल्फी और तस्वीरें भी खिंचवाई व गंगा सेवा निधि कार्यालय में सचिव हनुमान यादव व गंगा सेवा निधि परिवार ने राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह एवं परिवार का मोमेंटो और अंगवस्त्र से स्वागत किया व मां भगवती का भोग प्रसाद दिया गया।