काशी में ब्लैकआउट के जरिए हवाई हमलों से सुरक्षा की परखी जाएगी तैयारी, शाम छह बजे बुझ जाएंगी बत्ती
उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में शाम 6 बजे ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित हो रहा है, जिसका उद्देश्य युद्ध और आपातकालीन हवाई हमलों से निपटने की तैयारियों को परखना है। वाराणसी में इंडियन ऑयल बॉटलिंग प्लांट में मुख्य अभ्यास होगा, जिसमें विभिन्न सुरक्षा और राहत दल शामिल होंगे।

उत्तर प्रदेश में हवाई हमलों से सुरक्षा की तैयारी परखेगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल।
HighLights
उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल।
युद्ध और आपातकालीन हवाई हमलों से निपटने की तैयारी।
वाराणसी में इंडियन ऑयल प्लांट पर मुख्य अभ्यास।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सुरक्षा तैयारियों को परखने के क्रम में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में शाम 6 बजे ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान जगह जगह पर लगे सायरन के बजते ही कई इलाकों की बिजली कुछ समय के लिए बंद की जाएगी। इस दौरान युद्ध और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए यह अभ्यास किया जाएगा। लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल होने जा रहा है। इस आयोजन में पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य और आपदा राहत टीमें हिस्सा ले रही हैं।
वाराणसी में मुख्य आयोजन बाबतपुर स्थित इंडियन आयल के बाटलिंंग प्लांट में किया जा रहा है। इस दौरान प्रदेश भर में करीब एक लाख सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की तैयारियों का भी परीक्षण किया जाएगा। जबकि पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य और आपदा राहत टीमें आयोजन में हिस्सा ले रही हैं। दोपहर बाद से ही टीम ने बाबतपुर में तैयारियों को अंतिम रूपरेखा दी है।
उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा जितेंद्र सिंंह ने बताया कि दुश्मनों की ओर से कभी भी हवाई हमला होता है तो उसका मकसद सबसे पहले उद्योगों को निशाना बनाना होता है। एक मॉक ड्रिल के माध्यम से ब्लैक आउट कर उद्योगों को बचाने के लिए यह प्रैक्टिस शाम छह बजे होनी है। वाराणसी में इसके लिए इंडियन आयल बाटलिंग प्लांट बाबतपुर का चयन किया गया है जहां पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचकर ब्लैकआउट प्रैक्टिस के आयोजन में शामिल हो रहे हैं।
बताया कि एक हाट लाइन से माध्यम से सबसे पहले हवाई हमले की सूचना प्राप्त होगी और अलर्ट करने के साथ ही लोगों को सायरन के माध्यम से बताया भी जाएगा कि अब आप अपने घरों की बिजली भी बंद कर लें। आम जनता को भी इससे सूचना मिलेगी, वाराणसी में लगभग दस सायरन अलग अलग जगहों पर लगाए गए हैं जहां से सायरन बजेगा जो करीब एक किलोमीटर के दायरे में सुनाई भी देगा।