यूपी में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से वाराणसी में आज एफएलसी कार्यशाला
भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में वाराणसी ...और पढ़ें

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, वाराणसी में एफएलसी कार्यशाला आज।
HighLights
भारत निर्वाचन आयोग ने यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू की।
वाराणसी में ईवीएम-वीवीपैट एफएलसी कार्यशाला आज आयोजित होगी।
22 जिलों के अधिकारी चुनावी तैयारियों पर रणनीति बनाएंगे।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत के साथ ही विधानसभा चुनाव का दौर शुरू होने का अनुमान जताया जा रहा है। इसी कड़ी में भारत निर्वाचन आयोग विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटा हुआ है। इसके लिए वाराणसी में एफएलसी कार्यशाला शुक्रवार को हो रही है। इस कार्यशाला में प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे और तैयारियों की रूपरेखा को जमीन पर उतारने की रणनीति बनाएंगे।
उप्र में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की देखरेख में शुक्रवार को इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की प्रथम स्तर की जांच (एफएलसी) को लेकर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें आयोग के प्रधान सचिव बीसी पात्रा, अवर सचिव राकेश कुमार और प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा समेत कई अधिकारी शामिल होंगे।
कार्यशाला में गोरखपुर, मीरजापुर, आजमगढ़, बस्ती, वाराणसी और प्रयागराज मंडल के 22 जिलों के जिलाधिकारी, निर्वाचन कार्य देख रहे एडीएम, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आदि भाग लेंगे। आयोग के अधिकारी ईवीएम और वीवीपैट के वेयरहाउस का निरीक्षण कर तैयारियां भी देखेंगे। कार्यशाला में एफएलसी की प्रक्रिया, मशीनों की जांच और चुनावी तैयारियों से जुड़े अन्य जरूरी बिंदुओं पर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
