अयोध्या में ढांचा गिराने गए थे और भव्य मंदिर के निर्माण के लिए भी जाएंगे : प्रज्ञा ठाकुर
सोमवार को वाराणसी में साध्वी प्रज्ञा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हम अयोध्या में ढांचा गिराने के लिए भी गए थे और भव्य मंदिर के निर्माण के लिए भी जाएंगे।
वाराणसी, जेएनएन। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कांग्रेस पर एक बार फिर से साधा निशाना है। सोमवार को वाराणसी में एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हम अयोध्या में ढांचा गिराने के लिए भी गए थे और भव्य मंदिर के निर्माण के लिए भी जाएंगे। एक तरफ जहां पूरे देश में पश्चिम बंगाल की रविवार की घटना ने हंगामा मचा रखा है। संसद से लेकर सड़क तक पूरा विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलावर है। विपक्ष का हर नेता एक ही सुर में बोल रहा है कि पश्चिम बंगाल में जो हुआ वह लोकतंत्र पर हमला है, संविधान पर हमला है। वहीं साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने बनारस में मीडिया से बातचीत में कहा कि ममता बनर्जी तुच्छ बयान देती हैं। वह विधर्मी महिला हैं।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी कभी देशहित की बात नही करतीं, बल्कि देश को खंडित करने की बात कहती हैं। जहां अधर्म होगा वहां हनुमान जी ही मार्ग बनाएंगे। कल बंगाल में जो प्रक्रिया थी वह देखकर समझ आ जाता है। राम मंदिर के मुद्दे पर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि जिस दिन प्रभु श्रीराम चाहेंगे मंदिर बन जायेगा। विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर को लेकर चल रहे कार्यों पर कहा कि महादेव का दर्शन अब सीधे गंगा के रास्ते होगा। पहले लोग गंदगी के बीच से दर्शन पूजन को जाते थे, अब ऐसा नहीं होगा।