विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में जेडी के सामने भी खुली खाद उपलब्धता की पोल, बड़ागांव व अनेई पर उर्वरक ही नहीं

By Raghvendra Chandra Shukla Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 27 Nov 2026 12:32 PM (IST)

संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने वाराणसी के बड़ागांव और अनेई साधन सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। यूरिया और डीएपी की अनुपलब्धता पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बी पैक्स के कई केंद्रों पर पहुंचे जेडी, निजी दुकानों की भी जांच।

बी पैक्स के कई केंद्रों पर पहुंचे जेडी, निजी दुकानों की भी जांच।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। गुरुवार को संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने कृषि विभाग की टीम के साथ बड़ागांव के साथ ही अनेई साधन सहकारी समिति का निरीक्षण किया। यूरिया की उपलब्धता न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। एआर कोआपरेटिव को तत्काल आवंटन व उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जागरण ने खाद की पर्याप्त उपलब्धता के बाद भी समितियों पर संकट की खबर का लगातार प्रकाशन किया, जिसके बाद अफसर सक्रिय हुए।

जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह को साथ लेकर जेडी विकास खंड बड़ागांव के साधन सहकारी समिति खरावन, बड़ागांव, अनेई एवं बिरांव कोट के केंद्र पर पहुंचे। इसके अलावा निजी उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का भी जायजा लिया। साधन सहकारी समिति बड़ागांव पर डीएपी तथा साधन सहकारी समिति अनेई पर यूरिया उर्वरक उपलब्ध नहीं पाया गया। संयुक्त कृषि निदेशक ने नाराजगी जताते हुए मौके से सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता सुरेन्द्र कुमार मौर्य से मोबाइल पर बात कर संबंधित समितियों पर तत्काल उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए कहा।

पांच एमटी से कम स्टाक पर तत्काल भेजे उर्वरक
जेडी ने निर्देश दिया कि किसानों ने बोआइ पूर्ण कर लिया है। अब गेहूं की टाप ड्रेसिंग का कार्य होगा। साधन सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया की उपलब्धता जरूरी है। जिस समिति पर यूरिया अथवा डीएपी का स्टाक 5 मीट्रिक टन से कम हो जाए, वहां तत्काल उर्वरक पहुंचाया जाए।

जिला कृषि अधिकारी करें मानीटरिंग
जेडी ने जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह को निर्देश दिया कि उर्वरक वितरण व्यवस्था की निगरानी करें। किसी विक्रेता द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर उर्वरक की बिक्री की जाती है अथवा पीओएस मशीन के माध्यम से अनावश्यक रूप से खारिज करने का प्रयास किया जाता है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई करें। निजी विक्रेताओं को यूरिया एवं डीएपी उर्वरकों के उपलब्धता संबंधित होलसेलर के माध्यम से सुनिश्चित कराएं। होलसेलर के पास अनावश्यक भंडारण न हो।
---------

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।