वाराणसी में नकली दवाओं के खेल में गिरफ्तार आरोपितों को वारंट बी पर लाएगी पुलिस
रोहनिया पुलिस ने वाराणसी में नकली दवाओं के सरगना अभिषेक सिंह की गिरफ्तारी के बाद जांच तेज कर दी है। पुलिस सहारनपुर से मोहम्मद हसीन और मोनू को वारंट-बी पर लाकर नकली दवाओं के स्रोत और सप्लाई चेन की पूछताछ करेगी।

नकली दवाओं की तस्करी की कमाई की, सोनभद्र-वाराणसी में आलीशान मकान बनवाया।
HighLights
नकली दवाओं के सरगना अभिषेक सिंह को एसटीएफ ने पकड़ा।
सहारनपुर से दो अन्य आरोपियों को वारंट-बी पर लाएगी पुलिस।
पुलिस नकली दवाओं के स्रोत और सप्लाई चेन की जांच करेगी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। एसटीएफ की ओर से नकली दवाओं के मामले के सरगना अभिषेक सिंह की गिरफ्तारी के बाद रोहनिया पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में दूसरे शहरों में गिरफ्तार मोहम्मद हसीन और मोनू को को वारंट-बी के जरिए वाराणसी लाने की तैयारी पुलिस कर रही है। यहां पर लाकर दोनों से बरामद दवाओं के स्रोत, उनकी खरीद-बिक्री और सप्लाई चेन के बारे में पूछताछ करेगी।
थाना प्रभारी राजू सिंह के मुताबिक, मोहम्मद हसीन और मोनू को सहारनपुर में गिरफ्तार किया गया है। इन्हें वारंट-बी पर लाने के लिए न्यायालय में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं अभिषेक सिंह के अलावा भदोही के जगतपुर (करियांव) निवासी सुरेंद्र नाथ मिश्र, लोहता के कोरौता निवासी सुनील कुमार पटेल, जंसा के चकरा खेवली निवासी अशोक कुमार वर्मा पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इनकी भी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
नकली दवाओं का खेल है पुराना, पहले भी अभिषेक जा चुका है जेल
नकली दवा बनाने का खेल पुराना है। वर्ष 2023 में भी एसटीएफ वाराणसी ने सिगरा क्षेत्र में इस खेल का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार जेल भेजा था।बाद में जमानत पर जेल से छूटने के बाद अभिषेक सिंह ने फिर से यह खेल शुरू कर दिया।
वह पहले ओडिशा से नकली दवाओं की खेप मंगाता था जो अब सहारनपुर के दलाल के जरिए मंगाने लगा। अभिषेक ने नकली दवाओं की तस्करी करके करोड़ों की कमाई की और सोनभद्र के साथ ही वाराणसी में भी आलीशान मकान बनवाया। कई जगह अचल संपत्तियां बनाया। पुलिस अब इसकी संपत्तियों की डिटेल भी खंगाल रही है।
सैंपलिंग के बाद हुआ था राजफाश
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जंसा के अशोक कुमार वर्मा की दुकान से दवाओं की सैंपलिंग की थी। जांच में दवाएं नकली मिलीं। इसके बाद पूछताछ शुरू हुई तो दुकानदार ने बताया कि उसे सुनील पटेल दवाओं की सप्लाई करता है। सुनील के जरिए जांच टीम सुरेंद्रनाथ मिश्र के तक पहुंची। इसके बाद मुख्य सप्लायर अभिषेक सिंह का नाम सामने आया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।