विधायक के बेटे विष्णु मिश्रा सहित दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस के साथ जुटी पुलिस टीम
विधायक विजय मिश्र के बेटे विष्णु मिश्र और पौत्र विकास मिश्र पर शिकंजा कसेगा। वाराणसी की एक गायिका ने सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। पीडि़ता का कोर्ट में बयान भी दर्ज होते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है।
भदोही, जेएनएन। विधायक विजय मिश्र के बेटे विष्णु मिश्र और पौत्र विकास मिश्र पर शिकंजा कसेगा। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पीडि़ता का कलम बंद बयान दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की सर्विलांस के अलावा अन्य टीमें जुटी हुई हैं। रिश्तेदार का भवन और फर्म हड़पने के आरोप में दर्ज मुकदमें भी कुर्की की नोटिस जारी की जा चुकी है। अग्रिम जमानत भी सुप्रीम कोर्ट से खारिज हो चुका है। इसके बाद भी वह अभी फरार चल रहे हैं।
रिश्तेदार कृष्णमोहन तिवारी ने विधायक विजय मिश्र और पत्नी एमएलसी रामलली मिश्र के अलावा कारोबारी पुत्र विष्णु के खिलाफ चार अगस्त को मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में विधायक आगरा जेल में बंद है जबकि एमएलसी सशर्त जमानत पर हैं। बेटा अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। अभी यह मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि उनके खिलाफ वाराणसी की एक गायिका ने सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। पीडि़ता का कोर्ट में बयान भी दर्ज होते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है।
विरोधियों की साजिश बता रहीं हैं विधायक की पुत्री
विधायक की पुत्री रीमा पांडेय इसे विरोधियों की साजिश बता रहीं हैं। उनका कहना है कि पिता जी ने किसी का फर्म नहीं हड़पे हैं। एमएलसी रामलली मिश्र का फर्म में 40 फीसद हिस्सा है। पूर्वांचल भर के माफियाओं की नजर भदोही के जिला पंचायत पर टिकी हुई है। इसी के चलते चंदा इकटठा कर गायिका को दिया गया है। बयान दर्ज कराने आई गायिका के आगे-पीछे एक दर्जन लग्जरी वाहन चल रहे थे। विरोधी अभी और कई फर्जी मुकदमा दर्ज करा सकते हैं। उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है।