भदोही के प्रमुख चौराहों पर पुलिस ने लगाए नागरिकता कानून को लेकर उपद्रव करने वालों के पोस्टर
नागरिकता कानून को लेकर बीते सप्ताह शुक्रवार को भदोही नगर में हुए उपद्रव को लेकर पुलिस अब आरोपितों पर शिकंजा कसती जा रही है।
भदोही, जेएनएन। नागरिकता कानून को लेकर बीते सप्ताह शुक्रवार को भदोही नगर में हुए उपद्रव को लेकर पुलिस अब आरोपितों पर शिकंजा कसती जा रही है। शनिवार को 59 अज्ञात उपद्रवियों के पोस्टर नगर के प्रमुख चौराहों पर लगवाए गए। पोस्टर सार्वजनिक होते ही उपद्रव करने वाले लोग सकते में आ गए हैं। एसपी ने पोस्टर में शामिल उपद्रवियों की पहचान बताने की लोगों से अपील की है। पुलिस ने जानकारी देने वालों का नाम गुप्त रखने की बात भी कही है। जिले में 20 दिसंबर को जुमे की नमाज के बाद जुलूस निकाल कर नागरिकता कानून का विरोध कर रहे थे। इस बीच उग्र हुई भीड़ ने पथराव करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दिए थे।
पुलिस ने भी जवाब में आंसू गोले छोड़ने के साथ ही साथ लाठी चार्ज किया। इस मामले में 15 उपद्रवियों के खिलाफ नामजद और 24 पर शांति भंग की कार्रवाई की गई थी। इसके साथ ही 150 से अधिक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसमें एआइएमआइएम के अध्यक्ष तनवीर हयात और यूथ कमेटी के जिलाध्यक्ष ताबिश के अलावा सभासद पति खुर्रम अंसारी सहित 39 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अज्ञात की पहचान के लिए पोस्टर जारी कर दिया गया है। चौराहों पर लगे फोटो को देख नगर में अफरा- तफरी का माहौल है। इसमें तमाम ऐसे लोग भी हैं जो खुद अपनी फोटो को देख कर बचाने की जुगत में लग गए हैं।