काशी की हवा में घुला जहर, तीन दिन में 87 अंक उछला एक्यूआइ; देश में वाराणसी 23वें स्थान पर
काशी में सर्दी के साथ वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ा है, जहां तीन दिनों में एक्यूआइ 87 अंक उछलकर 231 ...और पढ़ें

काशी की हवा में घुला जहर वाराणसी का एक्यूआइ 87 अंक उछला।
HighLights
तीन दिन में वाराणसी का एक्यूआइ 87 अंक बढ़ा।
शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 231 पर पहुंचा।
वाराणसी देश के 23वें सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी की आबोहवा तेजी से बिगड़ रही है। सर्दी की दस्तक के साथ ही हवा में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। हालात यह हैं कि महज तीन दिनों में वाराणसी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 87 अंक उछलकर 231 पहुंच गया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर एप पर सोमवार, 16 नवंबर को सुबह 8:05 बजे अपडेट आंकड़ों के अनुसार, वाराणसी की हवा देश के सबसे खराब एक्यूआइ वाले शहरों में 23वें स्थान पर है। वाराणसी ने प्रदूषण में दिल्ली को (एक्यूआइ -218) को भी पीछे छोड़ दिया है।
शहर के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर भी अलग-अलग है। समीर एप के अनुसार, वाराणसी के चार सक्रिय निगरानी केंद्रों में मलदहिया की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआइ 267 दर्ज किया गया। इसके बाद भेलूपुर में 248 और अर्दली बाजार में 218 एक्यूआइ रहा। वहीं, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) स्थित आइईएसडी केंद्र पर एक्यूआइ 190 दर्ज किया गया। इस लिहाज से बीएचयू परिसर की हवा शहर के अन्य निगरानी केंद्रों की तुलना में बेहतर रही।
तीन दिन में 87 अंक बढ़ा एक्यूआइ
समीर एप के आंकड़े प्रदूषण बढ़ने की रफ्तार की गवाही दे रहे हैं। 13 नवंबर को वाराणसी का एक्यूआइ 144 था। 14 नवंबर को यह बढ़कर 150 और 15 नवंबर को 216 पहुंच गया। सोमवार सुबह यह 231 दर्ज किया गया। इस तरह तीन दिनों में एक्यूआइ में 87 अंकों की वृद्धि हुई है। लगातार बढ़ता प्रदूषण खासकर दमा, एलर्जी और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है। लंबे समय तक ऐसी हवा में रहने से सामान्य लोगों को भी सांस लेने में तकलीफ हो सकती है।
इन शहरों में ज्यादा प्रदूषण
समीर एप की शहरवार सूची में गजरौला 329 एक्यूआइ के साथ सबसे ऊपर है। इसके अलावा हिसार (299), सोनीपत (298), जींद (287), बल्लभगढ़ (273), बीकानेर (266), बक्सर (265), सीवान (262), बागपत (261) और अररिया (258) सहित 22 शहरों का एक्यूआइ वाराणसी से अधिक दर्ज किया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।