पीएम नरेंद्र मोदी ने की जौनपुर में मछलीशहर लोकसभा के बूथ अध्यक्षों से सीधी बात
पीएम का कुछ लोकसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों से सीधा संवाद कार्यक्रम शाम 4 से 5 बजे तक तय किया गया था, इसमें यूपी से मछलीशहर सीट का चयन किया गया था।
जौनपुर (जेएनएन) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मछलीशहर (सुरक्षित) लोकसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों से सीधा संवाद किया। यह संवाद का कार्यक्रम लगभग एक घंटे तक चला। इसके लिए मछलीशहर कस्बा स्थित गंगा पैलेस मौर्य नगर में व्यवस्था की गई थी। प्रधानमंत्री का देश की कुछ लोकसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों से सीधा संवाद कार्यक्रम शाम 4 से 5 बजे तक तय किया गया था। इसमें उत्तर प्रदेश से मछलीशहर लोकसभा का चयन किया गया था। इस लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के एक हजार 732 बूथ अध्यक्ष हैं।
संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि नाम भी मछलीशहर और हमारे सांसद भी मछुआरा समाज से हैं। गजब का संयोग है। वहां तो काफी विकास हो रहा। इसके बाद कहा, कौन बात करना चाह रहा है। इस पर डिजिटल इंडिया पर रामपुर ब्लाक बूथ अध्यक्ष सुजीत राय ने सवाल किया तो कहा कि अब गांव तक के लोगों का जीवन सरल हो रहा है। आज करोड़ों पेंशनर्स घर बैठे पेंशन पा रहे हैं। छात्रवृत्ति के लिए बिचौलिए सक्रिय हो जाते हैं। इसी तरह तमाम योजनाएं टेक्नोलॉजी की मदद से कदम- कदम पर हमारा सहयोग कर रहे हैं। हमारी सरकार में एक लाख 20 हजार गांव जुड़े। इससे पहले की सरकार में 60 गांव थे। डिजिटल इंडिया को ज्यादा से ज्यादा लोगों से जोड़ें।
दूसरा सवाल बरसठी से संजय सिंह ने किया कि- पासपोर्ट एक सप्ताह में बन गया, ये तो आश्चर्य है। इसपर पीएम ने कहा कि हमने ऐसी नीतियां बनाई हैं, ये लोगों को बताइए। भाजपाइयों में यही समस्या कि अपनी बातों को बताते नहीं। पासपोर्ट ही नहीं कई तरह की समस्याओं को लेकर बदलाव हो रहा है। कार्यकर्ताओं को लोगों को बताना चाहिए। जिनको लाभ मिला, बूथ के लोगों को इकठ्ठा कर सभी को यह बताएं।