पीएम ने पदाधिकारियों की बैठक में 2019 की तैयारियों का खाका खींचा
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीरेका में पदाधिकारियों की बैठक में मिशन 2019 का मंत्र दिया।
वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को डीरेका में आयोजित पदाधिकारियों की बैठक में पार्टी के एक जुझारू कार्यकर्ता के रूप में मौजूद थे। एक शिक्षक की तरह संगठन की परिकल्पना से परिचय कराते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने 2019 की तैयारियों का खाका खींचकर कार्यकर्ताओं को मंत्र भी दिया।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि जनता जर्नादन सबसे बड़ी ताकत होती है। लोकतंत्र का काला टीका लोकतंत्र पर किसी की नजर नहीं लगने देता है। भारत में आज दुनिया का सबसे बड़ा झंडा आपके पास हैं। आप इसे लहराते हुए शान से जनता के बीच जाएं क्योंकि आपकी सरकार ने ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे शर्म आए। हमें-आपको मिलकर माहौल बनाना होगा क्योंकि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए प्रतिस्पर्धा जरूरी है।
डीरेका में आयोजित पदाधिकारियों की बैठक लगभग पैंतालिस मिनट चली। बैठक में सीएम योगी ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। भाजपा के आम कार्यकर्ताओं से लेकर आमजन के बीच आज मोदी सरकार के काम की चर्चा होती रहे। चर्चा तथ्यहीन न हो। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि यह पदाधिकारियों का सुअवसर है कि राष्ट्रीय स्तर से लेकर सेक्टर स्तर तक के कार्यकर्ता आज पीएम मोदी से मंत्र ले रहें हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं की तरफ से हम अपने सांसद पीएम मोदी को आश्वस्त करते हैं कि भाजपा का हर कार्यकर्ता पूरी तरह संकल्पित होकर मिशन 2019 को पूरा करेगा। पदाधिकारियों संग बैठक के बाद पीएम मोदी सीएम योगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय के साथ मीरजापुर रवाना हो गए।