एयर शो के दौरान चार घंटे काशी में रहेंगे पीएम मोदी, अरविंद मिल में महिलाओं से करेंगे संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी में एयर शो के दौरान लगभग चार घंटे रहेंगे। इस दौरान वे अरविंद ...और पढ़ें

चार घंटे काशी में रहेंगे पीएम मोदी।
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी में चार घंटे रहेंगे।
वे अरविंद मिल में प्रशिक्षित महिलाओं से संवाद करेंगे।
नमो घाट पर एयर शो देखेंगे, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। एयर शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र में रहेंगे। प्रधानमंत्री अपने इस दौरे में लगभग चार घंटे काशी में रहेंगे। वह अरविंद मिल में काम करने के लिए प्रशिक्षित महिलाओं से संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री ने गुजरात की अरविंद मिल को वाराणसी में अपनी यूनिट लगाने के लिए प्रेरित किया था।
इसी क्रम में अरविंद मिल ने मिर्जामुराद के खोचवां में काशी में अपनी यूनिट लगाई थी। इसमें विशेष रूप से महिलाओं को ज्यादातर जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए 300 प्रशिक्षित महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर काम पर लग गईं हैं। इससे लगभग 1000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
प्रधानमंत्री दिन में लगभग साढ़े 11 बजे के करीब बाबतपुर एयरपोर्ट उतरने के बाद हेलीकाप्टर से सीधे खोचवां अरविंद मिल पहुंचेंगे। वहां महिलाओं से संवाद करेंगे। वहां से वह पुलिस मैदान स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से नमोघाट के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस दौरान रास्ते में दोनों तरफ प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी है। वह नमो घाट पर एयर शो देखने के बाद दोपहर लगभग डेढ़ बजे के बाद वापस पुलिस लाइन से बाबतपुर चले जाएंगे।
79 अस्थायी थाने, तीन ग्रीन कॉरिडोर से मिलेगी एंबुलेंस को राह
एयर शो की तैयारियों के मद्देनजर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को अस्थायी थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के निर्देश दिए। नगर क्षेत्र में 48 और घाटों पर 31 समेत 79 अस्थायी थाने बनाए गए हैं। प्रत्येक थाने पर एक उपनिरीक्षक और चार आरक्षी तैनात रहेंगे। शहर में तीन ग्रीन कारिडोर बनाकर एंबुलेंस और मरीजों के अस्पताल पहुंचने का रास्ता सुगम किया जाएगा।
पुलिस आयुक्त ने जर्जर भवनों की छतों पर भीड़ रोकने के निर्देश दिए। प्रत्येक दर्शक ब्लाक का क्षेत्रफल 3000 वर्गमीटर से अधिक नहीं होगा। भीड़ के अनुरूप चार ट्रैफिक प्लान तैयार किए गए हैं। नमोघाट से करीब दो किलोमीटर दूर सरायमोहन घाट से खाकीकुटी बाबा मंदिर घाट तक 10 ब्लॉक और डुमरी में भी बेहतर दृश्यता वाले स्थल विकसित हो रहे हैं।
शहर और बाहरी जिलों से आने वाले दर्शकों के लिए अलग पार्किंग व जोन निर्धारित किए गए हैं। एनसीसी और स्वयंसेवी संस्थाएं भी सहयोग करेंगी। महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, वायरलेस संचार और आपात निकासी पर विशेष जोर रहेगा। कर्मियों को शालीन व्यवहार, नियमित फीडबैक और समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
