विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में पीएम मोदी करेंगे अरविंद मिल्स का लोकार्पण, पूर्वांचल के हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

Published: Wed, 14 Oct 2026 09:04 AM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिर्जामुराद में अरविंद मिल्स का लोकार्पण करेंगे, जिसकी तैयारियों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निरीक्षण करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (तस्वीर- फाइल)।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (तस्वीर- फाइल)।

HighLights

  1. प्रधानमंत्री मोदी मिर्जामुराद में अरविंद मिल्स का लोकार्पण करेंगे।

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचेंगे।

  3. 100 करोड़ की लागत से बनी इकाई से रोजगार मिलेगा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। एयर शो की तैयारियां जहां जोरों पर हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मिर्जामुराद में अरविंद मिल्स का भी लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को अपने काशी दौरे में मिर्जामुराद भी जाएंगे।

वह वहां प्रधानमंत्री के जाने के संबंध में तैयारियां का निरीक्षण कर अंतिम निर्णय लेंगे। इसके लिए खोचवां स्थित जनता इंटर कालेज के मैदान में हेलीपैड बनाने का कार्य भी शुरू हो गया है।

हेलीपैड पर योगी दोपहर साढ़े तीन बजे के करीब पहुंचेंगे। योगी के साथ जिले के प्रभारी व वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी रहेंगे। वहां पर प्रधानमंत्री के भ्रमण आदि के संबंध में स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

उल्लेखनीय है कि मिर्जामुराद में प्रधानमंत्री मोदी के प्रयास से और योगी के इंवेस्टर्स यूपी प्रोग्राम के तहत यहां गुजरात की कंपनी अरविंद मिल्स ने अपनी यूनिट स्थापित की है। वह बनकर लगभग तैयार है। पिछले दिनों कमिश्नर एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने इसका निरीक्षण किया था।

साथ ही आंख का अस्पताल सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय पर भी तैयार है। इसे रिंग रोड फेज-2 के पास गंजारी स्टेडियम के पास स्थापित किया गया है। उसे भी लोकार्पण में शामिल किया जा सकता है। एमएलसी चुनाव की आचार संहिता की वजह से अन्य तैयार परियोजनाओं का तो मोदी लोकार्पण या शिलान्यास नहीं कर सकते हैं लेकिन प्राइवेट कंपनी की किसी परियोजना के लिए आचार संहिता बाधा नहीं है।

100 करोड़ की लागत से तैयार हुई है अरविंद मिल्स यूनिट

अहमदाबाद गुजरात की कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड (अरविंद मिल्स) ने अपनी मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट वाराणसी में स्थापित की है। इस पर लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से बनी है। हाइवे किनारे राजातालाब तहसील के भेडहरा (खोचवां गांव) में लगभग आठ एकड़ भूमि पर इसका निर्माण किया गया है।यह जनता इंटर कालेज से कुछ दूरी पर हाईवे किनारे करीब सात एकड़ भूमि पर स्थापित की गई हैं।

पूर्वांचल में यह पहली बड़ी यूनिट है। इसके बाद आगे भी इस यूनिट के विस्तार की बात है। इस इकाई के चालू होने एक हजार से अधिक लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा। कंपनी में कार्य करने वाली करीब 300 महिलाओं को इस समय इसमें प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

काशी की इस नई इकाई में स्पोर्टस वियर, अंडर गारमेंट आदि कपड़े का उत्पादन होगा। निवेश के द्वितीय चरण भी प्रस्तावित हैं। इसमें भी हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। अरविंद मिल के इस नई इकाई का बीते 25 अप्रैल 2024 को भूमिपूजन हुआ था।

अरविंद मिल्स सिर्फ कपड़ा बनाने वाली कंपनी नहीं है। यह धागे और कपड़े से लेकर तैयार कपड़ों तथा औद्योगिक इस्तेमाल के विशेष वस्त्रों तक का कारोबार करती है। इसकी शुरुआत 1931 में हुई थी और इसका मुख्यालय अहमदाबाद, गुजरात में है।

यह डेनिम के कपड़े (इससे जींस बनाई जाती है) के साथ सूती व लिनेन के कपड़े, सादे कपड़े, सूट के लिए फैब्रिक, स्पोर्ट्सवियर के साथ घरेलू और विदेशी परिधान ब्रांडों को कपड़ा उपलब्ध कराती है।

वीवीआइपी की सुरक्षा की दृष्टि से तैयार हो रहा पीपा पुल

नमोघाट से आदिकेशव घाट तक पांटून (पीपा) पुल निर्माण पीडब्ल्यूडी विभाग ने शुरू कर दिया है। इसके जरिए नमोघाट तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा। वीवीआइपी की मौजूदगी में आकस्मिक परिस्थितियों में इसका उपयोग हो सकेगा। प्रधानमंत्री के आने की तिथि के दिन इसे सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा।

एयर शो के लिए सभी विभाग जुट चुके हैं। लोक निर्माण विभाग ने भी मीरजापुर से पीपा मंगाया और इससे अस्थायी पुल का निर्माण शुरू कर दिया है। मंगलवार को नदी में पीपा डालने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। इसका मुख्य इस्तेमाल आपातकालीन निकासी के लिए किया जाना है।

हालांकि, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के एक दिन पहले इस पुल का इस्तेमाल बंद होगा और यह पूरा क्षेत्र सुरक्षा के घेरे में रहेगा। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता केके सिंह के अनुसार पीपी पुल की कुल लंबाई 200 मीटर के करीब है। अगले दो दिनों में इसे बनाकर संबंधित एजेंसियों के सिपुर्द कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- वाराणसी में गंगा ने फ‍िर द‍िखाया रौद्र रूप, नमोघाट पर बाढ़ की वजह से रस्‍सी लगाकर की गई बैर‍िकेड‍िंंग