विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी एयर शो: नमो घाट पर भारतीय वायुसेना का दिखेगा पराक्रम, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी आज पहुंचेंगे काशी

Published: Sat, 24 Oct 2026 09:34 AM (IST)

काशी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो आयोजित है, जिसमें 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी

HighLights

  1. प्रधानमंत्री मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी एयर शो में होंगे मुख्य अतिथि।

  2. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आज पहुंचेंगे काशी।

  3. पीएम मोदी अरविंद मिल की नई इकाई का भी करेंगे लोकार्पण।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी में 22, 24 व 25 अक्टूबर को एयर शो आयोजित है। इसमें 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। वह नमो घाट पर उपस्थित रहेंगे। इसके एक दिन पूर्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एयर शो में भाग लेने के लिए शनिवार को काशी पहुंच जाएंगे।

प्रोटोकॉल के अनुसार राजनाथ सिंह 24 को शाम पांच बजे के करीब बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे। वह श्री संकटमोचन मंदिर और श्री कालभैरव का दर्शन-पूजन करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद वह अगले दिन दोपहर 12 बजे के करीब नमो घाट पर एयर शो में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री शाम को साढ़े पांच बजे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय ग्राउंड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे।

वह सीधे सर्किट हाउस चले जाएंगे। अगले दिन एयर शो में भाग लेंगे। एयर शो में सेना के एयर चीफ एपी सिंह, एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, एयर मार्शल तरुण चौधरी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी रहेंगे।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री संजय सेठ 25 को सुबह आठ बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री की आगवानी करेंगे। वित्त मंत्री और वाराणसी के प्रभारी सुरेश कुमार खन्ना भी सुबह सात बजे वाराणसी पहुंच जाएंगे।

अतिथियों में होमगार्डस राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति, समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण, ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिह राजपूत, पुलिस महानिदेशक पीएसी आलोक सिंह आदि मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मंत्रीगण अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा समेत वाराणसी और आसपास के जिलों के विधायक आदि शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री के हाथों कल होगा अरविंद मिल का लोकार्पण

प्रधानमंत्री के हाथों रविवार को रूपापुर (खोचवां) के निकट हाईवे किनारे स्थापित अरविंद मिल की नई इकाई का लोकार्पण किया जाएगा। अरविंद मिल से कुछ दूरी पर प्रधानमंत्री के हेलीकाप्टर को उतारने हेतु तीन हेलीपैड बनाया गया हैं। प्रधानमंत्री दिन में 11 बजे के करीब बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सीधे खोचवां में बने हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से अरविंद मिल पहुंचेंगे।

कंपनी में कार्यरत नारी शक्ति से संवाद भी करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के लिए खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कालेज के मैदान पर दो अन्य हेलीपैड बनाया गया है। मिर्जामुराद के रूपापुर चौराहा के निकट खोचवां (भड़ेहरा) गांव में हाईवे किनारे सात एकड़ की भूमि पर अरविंद मिल की नई इकाई की स्थापना 100 करोड़ रुपये के निवेश से किया गया है।

इस इकाई में एक हजार महिलाओं को रोजगार, परिवहन और आवासीय व्यवस्था भी मिलेगी। महिलाओं का पदनाम आपरेटर होगा। कंपनी में कार्य करने वाली करीब 300 महिलाओं को इस समय यहां प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस नई इकाई में स्पोर्ट्स वियर, अंडर गारमेंट का उत्पादन होगा। कंपनी में तीन सौ मशीनें लग चुकी हैं।

भविष्य में इकाई में निवेश का द्वितीय चरण भी प्रस्तावित है। पीएम के आगमन के मद्देनजर अरविंद मिल के आस-पास सफाई, रूपापुर चौराहा स्थित सिक्सलेन के हाईवे पर बने ओवरब्रिज (अंडरपास) की रंगाई-पुताई की जा रही है। इस बीच शुक्रवार को एसपीजी की टीम निरीक्षण किया।

चरखे की डोर भविष्य की ओर

अरविंद मिल के मुख्य प्रवेश द्वार पर प्रधानमंत्री के फोटो संग चरखे की डोर भविष्य की ओर...लिखा बड़ा सा होर्डिंग लगाया गया है। साथ ही कार्यक्रम स्थल से लगायत हाईवे किनारे मिर्जामुराद, लालपुर, कछवांरोड समेत अन्य जगहों पर सरकार की उपलब्धियों से संबंधित बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए जा रहे है।

यह भी पढ़ें- नई दिल्ली-वाराणसी के बीच चलने वाली देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत की नई रैक काशी पहुंची, 31 अक्टूबर को होगा उद्घाटन