यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
PM Modi in Varanasi: 'आपको लगता है मोदी इनकम टैक्स भेज देगा' दिव्यांग से जब प्रधानमंत्री ने किया मजाक
पीएम मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी की। लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने ...और पढ़ें

HighLights
- प्रधानमंत्री ने लाभार्थियों से योजनाओं के बारे में फीडबैक लिया
- पीएम मोदी दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर हैं
- पीएम मोदी ने 'दिव्यांग' उद्यमी से की बातचीत
एएनआई, वाराणसी। PM Modi in Varanasi। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर आज (17 दिसंबर) बनारस पहुंचे। आज पीएम मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लिया। वहीं, उन्होंने तमिल संगमम के दूसरे संस्करण का शुभारंभ भी किया।
पीएम मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी की। लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने 'दिव्यांग' उद्यमी से भी मुलाकात की। कटिंग मेमोरियल मैदान में विकसित भारत यात्रा के तहत 'दिव्यांग' उद्यमी द्वारा लगाए गए स्टॉल पर पीएम मोदी पहुंचे। स्टॉल पर पहुंचकर पीएम मोदी दिव्यांगजनों से बातचीत शुरू की।
पीएम मोदी ने दिव्यांग उद्यमी से की बात
पीएम मोदी ने उनके व्यवसाय, आय और केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं से उन्हें कैसे लाभ हुआ, इसके बारे में जानकारी ली। पीएम मोदी ने जनसेवा केंद्र (सीएससी) का संचालन करने के साथ स्टेशनरी बेचने वाले दिव्यांग उद्यमी नीरज से बातचीत की। पीएम मोदी ने नीरज से पूछा कि आपने क्या पढ़ाई की और आप क्या करते हो। स्टेशनरी का सामान बेचने वाले उद्यमी ने कहा कि केंद्र सरकार की पेंशन योजना से उन्हें और उनके परिवार को बहुत मदद मिली है।
जब दिव्यांग उद्यमी से पीएम मोदी ने किया मजाक
जब पीएम मोदी ने उनसे उनकी आय के बारे में पूछा, तो वह विवरण बताने पर थोड़ा संकोच करने लगे। पीएम मोदी ने फिर पूछा तो वो मुस्कुराने लगे। फिर पीएम मोदी ने कहा, "मत बताइए भाई इंकम टैक्स वाला नहीं आएगा। आपको लगता है इनकम टैक्स भेजेगा मोदी। इनकम टैक्स भरना होगा। चेहरे की खुशी बता रही है।"
पीएम मोदी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से की बात
इसके बाद लाभार्थी उद्यमी ने प्रधानमंत्री को कल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद दिया और उनसे मिलकर खुशी जताई। इसके बाद पीएम मोदी ने आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि योजना, मुद्रा योजना आदि योजनाओं वाले स्टॉलों पर लाभार्थियों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने लाभार्थियों से योजनाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। उन्होंने स्कूली बच्चों से भी बातचीत की।
पीएम के काफिले में घुसा युवक
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के बाद भी रविवार रात 8.15 बजे गोलगड्डा तिराहे पर प्रधानमंत्री के काफिले में एक युवक जा घुसा। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के फ्लीट की गाडि़यां रफ्तार भर रही थीं कि अचानक घुस आए युवक को बचाने में कई वाहन पीछे छूट गए।
गाड़ियों में अचानक ब्रेक लगने से तेज आवाज हुई तो फोर्स ने युवक को कब्जे में ले लिया, जिसके बाद गाडि़यां आगे बढ़ गईं। पकड़े गए संदीप कुमार से पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया की प्रधानमंत्री को देखने के लिए आया था, लेकिन गाडि़यों की रफ्तार को समझ नहीं सका।
