विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी के पिंडरा में दिवाली की खुशी मातम में बदली, तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई; 2 लोगों की गई जान

Published: Mon, 09 Nov 2026 09:25 PM (IST)

वाराणसी के पिंडरा में रविवार रात तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकरा गई, जिससे दो युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. पिंडरा में तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, दो की मौत।

  2. मरुई में हुए हादसे में एक युवक की हालत गंभीर बनी।

  3. दीपावली की खुशियां मातम में बदली, पुलिस ने जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। पिंडरा के सिंधोरा थाना क्षेत्र के मरुई स्थित श्रीराम इंटरप्राइजेज के सामने रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पीपल के पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए सीएचसी चोलापुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार सिंधोरा थाना क्षेत्र के मेघियां( सिंधोरा) गांव निवासी तीन युवक टीवीएस स्टार स्पोर्ट्स बाइक से कहीं जा रहे थे। मरुई में श्रीराम इंटरप्राइजेज के सामने बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पीपल के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क किनारे अचेत होकर गिर पड़े।

सूचना पर पहुंची सिंधोरा पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी चोलापुर पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान साजन जैसवार (28) पुत्र प्रदीप जैसवार और विवेक जैसवार (30) पुत्र पप्पू की मौत हो गई। वहीं अरविंद उर्फ संतु जैसवार (32) पुत्र सागर जैसवार की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जाता है कि अरविंद अपनी बहन प्रीति जैसवार के घर ग्राम सरायशेख लार्ड से दोस्तों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे तभी सड़क हादसे के शिकार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही से बगल के गांव से बहन मौके पर पहुंच गई और घटना की सूचना मायके में दी। एक साथ दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई। दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। सोमवार को सिंधोरा पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष पंकज पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।