वाराणसी में नगरीय सुविधाएं गर्त में, शिवदासपुर में सड़ांध मारते सीवर पर प्रदर्शन Varanasi news
मंडुआडीह क्षेत्र के शिवदासपुर स्थित सिंधोरिया कालोनी के लोग बुधवार की सुबह सड़क पर उतर आए।
वाराणसी, जेएनएन। मंडुआडीह क्षेत्र के शिवदासपुर स्थित सिंधोरिया कालोनी के लोग बुधवार की सुबह सड़क पर उतर आए। गुस्साए लोगों ने शिवदासपुर गांव के सचिव पर ठीक व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाया और उनके निलंबन की मांग की। इस दौरान काशी विद्यापीठ ब्लाक अधिकारी व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंची मंडुआडीह पुलिस ने गुस्साए लोगों को शांत किया।
लोगों ने चेताया कि सचिव की शिकायत जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह के अलावा मुख्यमंत्री से भी करेंगे। क्षेत्र में पिछले एक साल से सीवर जाम की समस्या है। गंदा पानी गली में भरा है। इस संबंध में कई बार ब्लॉक पर अधिकारियों से शिकायत की गई। हर बार गाव के सचिव से ही मुलाकात हुई। कहना था कि समाधान नहीं हुआ इसलिए लोग सड़क पर उतर गए। प्रदर्शन में मार्कंडेय, महेंद्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह, एचएन सिंह, अशोक पाडेय, राजेश सेठ, अमित सिंह, अखिलेश सिंह, लक्ष्मण दुबे, अविनाश सिंह, प्रिंस सिंह आदि थे।
सड़क खोदाई से यातायात प्रभावित : बारिश के वक्त भी जल निगम ने सड़कों की खोदाई बंद नहीं की है। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है। शिवपुर बाजार के मुख्य मार्गों पर खोदाई करने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। वाहन चालक और राहगीर इधर-उधर भटकते नजर आ रहे हैं। इससे उनकी काफी फजीहत भी हो रही है। शिवपुर लाल कुआ( रतन पान वाले) के पास पर जलकल निर्माण के चलते खोदाई की गई है। बड़े वाहन निकलना तो दूर की बात, दो पहिया वाहन तक नहीं निकल पा रहे हैं। मुख्य मार्ग होने के कारण वाहन चालकों के सामने दिक्कत खड़ी हो गई है। मजबूरी में उनको दूसरे रास्तों से दूर तक चक्कर लगाकर गंतव्य तक जाना हो रहा है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप