वाराणसी कैंट विधायक 'मुर्दाबाद' का लगा नारा, विरोध पर विधायक वापस लौट गए, भाजपा पार्षद बोले - 'मकान बेचकर यहां से चले जाएं'
वाराणसी के गिरिनगर एक्सटेंशन कॉलोनी में महीनों से जलभराव और सीवर की समस्या से परेशान लोगों ने कैंट विधायक सौरभ ...और पढ़ें
HighLights
गिरिनगर कॉलोनी में जलभराव, सीवर समस्या पर विरोध।
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के खिलाफ नारेबाजी, घेराव।
भाजपा पार्षद को सीवर के पानी में खड़ा किया गया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। मौका भी है और दस्तूर भी, चुनाव सिर पर है और नेता जी मजबूर भी। विकास के दावों को जमीन पर ना उतार पाने का जो मलाल होता है वह कैंट विधायक सौरभ के चेहरे पर साफ उस समय नजर आया जब महीनों से जलभराव का दंश झेल रहे लोगों ने उनके सामने ही मुर्दाबाद नारा लगाना शुरू कर दिया। विधायक आक्रोश देखकर लौट गए लेकिन कुछ देर बाद क्षेत्र में लौटे और लोगों से बातचीत की।
पूरा मामला वाराणसी के गिरिनगर एक्सटेंशन कॉलोनी का है जहो पिछले कुछ महीनों से सीवर के पानी की समस्या से परेशान लोगों का आक्रोश रविवार को चरम पर पहुंच गया। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र का निरीक्षण करने आए कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चक्का जाम कर दिया। उनका गुस्सा इस बात को लेकर था कि मेयर, विधायक, सभासद और प्रधानमंत्री के कार्यालय में बार-बार आवेदन देने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव गिरिनगर विकास समिति की जलजमाव और सीवर जाम की शिकायतों के समाधान के लिए कॉलोनी में पहुंचे थे। उन्होंने आशीर्वाद नर्सिंग कॉलेज के सामने महीनों से सड़कों पर जमा सीवर के पानी का निरीक्षण किया। विधायक को देखते ही क्षेत्रीय महिलाएं और अन्य लोग मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। विधायक ने अधिकारियों को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन केवल जलकल के एक अभियंता ही मौके पर पहुंचे। जब विरोध बढ़ा, तो विधायक वहां से चले गए।
यह भी पढ़ें : अखिलेश यादव ने कसा पीएम मोदी पर तंज - 'काशी के क्योटो में हुआ चमत्कार, पानी पर चल गयी दो पहिया नाव'
इसके बाद भाजपा सभासद सीमा वर्मा और उनके पति शिवा वर्मा मौके पर पहुंचे, लेकिन उनका भी विरोध हुआ। लोगों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने दोनों को जबरदस्ती सीवर के पानी में खड़ा कर दिया। शिवा वर्मा ने लोगों से कहा कि वे मकान बेचकर यहां से चले जाएं, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। इसके बाद नारेबाजी का लंबा दौर चला।
इस घटना ने स्थानीय निवासियों के बीच गहरी नाराजगी पैदा कर दी है। लोगों का कहना है कि उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है और वे अपने अधिकारों के लिए लड़ने के लिए मजबूर हैं। क्षेत्र के निवासियों ने यह भी कहा कि वे अपने प्रतिनिधियों से निराश हैं और अब उन्हें अपनी आवाज उठाने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
गिरिनगर कॉलोनी के निवासियों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेंगे और किसी भी प्रकार की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह घटना स्थानीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकती है, क्योंकि निवासियों ने अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाई है। एक दिन पूर्व भी कैंट विधायक को इसी प्रकार असहज स्थिति का सामना करना पड़ा जब लोगों ने उनका घेराव कर दिया।
लगातार दूसरे दिन लगा विधायक व सभासदों के खिलाफ मुर्दाबाद का नारा
कैंट विधानसभा के क्षेत्र में महीनों से जाम सीवर और बरसात के कारण गलियों में उसके अवजल के जमाव से लोग काफी हद तक आजिज आ चुके हैं। क्षेत्रीय विधायक व स्थानीय पार्षदों के विरोध व उनके विरुद्ध मुर्दाबाद के नारों की फेहरिस्त रुकने का नाम नहीं ले रही। खोजवां में विधायक - स्थानीय सभासद व जलकल की कार्य प्रणाली के विरोध को 24 घण्टे भी नहीं बीते कि रविवार को गिरिनगर कॉलोनी के लोगों के आक्रोश का सामना जनप्रतिनिधियों को करना पड़ा। उनके विरोध में स्थानीय लोगों ने जमकर भड़ास निकाली और उन्हें खरी- खोटी सुनाई। खोजवाँ में तो महिला भाजपा सभासद आई ही नहीं लेकिन गिरिनगर कालोनी की सभासद हिम्मत जुटाकर आई तो उसे जनाक्रोश का सामना करना पड़ा।
