वाराणसी में 75 की उम्र में भी दौड़ का जुनून बरकरार, रामधनी पटेल ने जीते तीन पदक
वाराणसी के 75 वर्षीय रामधनी पटेल ने लखनऊ में आयोजित 34वीं यूपी मास्टर्स एथलेटिक्स मीट में दो स्वर्ण और एक ...और पढ़ें

75 की उम्र में भी कायम दौड़ का जुनून: रामधनी पटेल ने जीते तीन पदक।
HighLights
75 वर्षीय रामधनी पटेल ने जीते तीन पदक।
यूपी मास्टर्स एथलेटिक्स मीट में शानदार प्रदर्शन।
दो स्वर्ण, एक रजत पदक अपने नाम किए।
जागरण संवाददाता (बड़ागांव) वाराणसी। खेल के प्रति यदि सच्ची लगन व जुनून हो तो उम्र कोई बाधा नही डाल सकता यह कहावत हरहुआ ब्लाक के बझियावारी गांव निवासी 75 वर्षीय होने के बावजूद खेल के प्रति जुनून और जीतने का जज्बा कायम रखने वाले रामधनी पटेल ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से इसे साबित कर दिखाया।
लखनऊ में 31 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित 34वें यूपी मास्टर्स एथलेटिक्स मीट 2026-27 में उन्होंने तीन पदक जीतकर वाराणसी का नाम रोशन किया।जिला मास्टर्स एथलीट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में रामधनी पटेल ने 75 प्लस आयु वर्ग में हिस्सा लिया।
उन्होंने 10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर की दौड़ में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया और दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं 800 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीत लिया।
तीन स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने साबित किया कि उम्र महज एक आंकड़ा है। नियमित अभ्यास अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो किसी भी उम्र में सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी प्रेरणा बन गई है।
रामधनी पटेल की सफलता पर बझियाबारी गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। राम अवध पटेल (बिहारी), ग्राम प्रधान जगदीश पटेल, ग्राम प्रधान संजय पटेल, कन्हैया लाल पटेल सहित अन्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की। लोगों ने कहा कि रामधनी पटेल ने तीन पदक जीतकर गांव और जिले को गौरवान्वित किया है।